कमल हसन, पवन कल्याण के बाद एक और साउथ के सुपरस्टार ने चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है। तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय की राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम को चुनाव आयोग से मान्यता मिल गई है।
तमिलगा वेत्री कझगम को मिली मान्यता
अभिनेता से राजनेता बने अभिनेता ने एक्स पर एक पत्र के माध्यम से इसकी घोषणा करते हुए कहा कि तमिलगा वेत्री कझगम को राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत करने के लिए 2 फरवरी को भारत के चुनाव आयोग से संपर्क किया गया था और पंजीकरण प्रदान कर दिया गया है। विजय ने कहा- "हमारे देश के चुनाव आयोग ने इसे कानूनी रूप से माना है और अब हमारे तमिलगा वेत्री कझगम को एक राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत किया है और इसे एक पंजीकृत दल के रूप में चुनावी राजनीति में भाग लेने की अनुमति दी है। मुझे यह आपके साथ साझा करते हुए बहुत खुशी हो रही है।"
बड़ी तैयारी में विजय
उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए आगे की चुनौतियों की दिशा में पहला कदम उठाने के लिए पहला दरवाजा खुला है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने राज्य सम्मेलन की तैयारियां शुरू कर दी हैं और इस बारे में आधिकारिक घोषणा बाद में की जाएगी। अभिनेता विजय ने राजनीति में प्रवेश किया और इस वर्ष फरवरी में अपनी पार्टी का नाम तमिलगा वेत्री कझम घोषित किया।
फरवरी में बनाई थी राजनीतिक पार्टी
तमिलनाडु, केरल और अन्य दक्षिणी राज्यों में विजय की काफी फैन फॉलोइंग है। विजय ने फरवरी में इस राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा करते हुए कहा था कि यह संगठन सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि पार्टी "पारदर्शी, जाति-मुक्त और भ्रष्टाचार-मुक्त" प्रशासन के साथ "मौलिक राजनीतिक परिवर्तन" के लिए प्रयास करेगी।
