BJP की 'डर्टी पॉलिटिक्स' काम नहीं आई, केजरीवाल ही मोदी के विकल्प, MCD चुनाव नतीजे पर संजय सिंह बोले

  • Authored by: आलोक कुमार राव
  • Updated Dec 7, 2022, 01:29 PM IST

MCD Election Result 2022: संजय सिंह ने आगे कहा कि एमसीडी चुनाव के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर दिग्गज मंत्री और सैकड़ों सांसद मैदान में थे लेकिन दिल्ली की जनता ने अपने 'बेटे' अरविंद केजरीवाल पर भरोसा जताया। भाजपा की 'डर्टी पॉलिटिक्स' काम नहीं आई। दिल्ली की जनता ने बता दिया है कि 'आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार पार्टी है।'

MCD Election Result 2022: दिल्ली नगर निगम (MCD)चुनाव में आम आदमी पार्टी बड़ी जीत के करीब है। चुनाव नतीजों से आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता उत्साहित हैं। अब तक के चुनाव रुझानों से करीब-करीब साफ हो गया है कि एमसीडी में इस बार केजरीवाल की पार्टी काबिज होगी। चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव में भाजपा की 'डर्टी पॉलिटिक्स' काम नहीं आई और अरविंद केजरीवाल ईमानदारी की राजनीति करते हैं।

केजरीवाल से मिलने पहुंचे संजय सिंह

रुझानों में बहुमत मिलने के बाद आप के नेता मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए पहुंचने लगे। राघव चड्ढा के बाद संजय सिंह अरविंद केजरीवाल से मिलने पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, 'अपने वोट की ताकत से जनता ने भारतीय जनता पार्टी को करारा जवाब दिया है। मैं यह मानता हूं कि यह हमारे लिए बहुत बड़ी जीत है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी को दिल्ली की सबसे छोटी माने जाने वाली पार्टी ने हराया है। इस चुनाव से साफ हो गया है कि नरेंद्र मोदी के खिलाफ बस एक ही विकल्प अरविंद केजरीवाल हैं। गुजरात से भी हमारे लिए अच्छे नतीजे आएंगे। भाजपा के लोग चुनाव हारने के बाद भी बोल रहे हैं। उन्हें तो कमरे बंद करके बैठ जाना चाहिए।'

End of Feed