Rajasthan Election: राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी में बगावत देखने को मिल रही है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के कई समर्थकों को इस बार बीजेपी ने टिकट नहीं दिया है, जिसके बाद से बगावत बढ़ती दिख रही है। खबर है कि यूनुस खान के बाद अब अशोक परनामी बीजेपी छोड़ सकते हैं। टिकट कटने के बाद से इनके समर्थक बवाल काट रहे हैं।
वसुंधरा राजे के करीबी
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी को वसुंधरा राजे का समर्थक माना जाता है। अशोक परनामी को आदर्श नगर विधानसभा सीट से टिकट की उम्मीद थी, वो यहां से विधायक भी रह चुके हैं। बीजेपी ने यहां से परनामी की जगह पर रवि नैयर को मैदान में उतारा है। नैयर को संगठन की पसंद बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों में गुस्सा
परनामी के टिकट कटने के बाद यहां स्थानीय लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। समर्थक सड़कों पर उतरे हैं और भारी विरोध कर रहे हैं। विरोध के बाद भाजपा के विभिन्न मंडलों और संगठनों के लोग अशोक परनामी के घर पहुंचे और परनामी की दावेदारी का समर्थन किया।
टिकट बदलने की मांग
लोगों की मांग है कि रवि नैयर का टिकट काट कर वापस अशोक परनामी को दिया जाए। अगर ऐसा नहीं होता है तो रवि नैयर को ये लोग हराने में जुट जाएंगे। अशोक परनामी के सपोर्ट में प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी ने बिना कार्यकर्ताओं से पूछे और बिना पहले अवगत कराए डिसीजन लिया है, जिससे लोगों में भारी विरोध है।
