Rajasthan Elections 2023: राजस्थान में विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने स्टार कैंपेनर्स की सूची जारी की। इस लिस्ट में कुल 40 नाम हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी चीफ जेपी नड्डा, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, असम सीएम हेमंत बिस्वा सरमा और अन्य नेता शामिल हैं।
देखिए, राजस्थान के लिए बीजेपी के 40 स्टार कैंपेनर्स की पूरी लिस्टः

Rajasthan BJP Star Campaigners
वैसे, बीजेपी ने इससे पहले चुनाव के लिए 58 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। पार्टी ने इस लिस्ट में सरदारपुरा (जोधपुर) सीट से महेंद्र सिंह राठौड़ को उम्मीदवार बनाया, जबकि इस सीट से कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चुनाव लड़ रहे हैं।
पार्टी की ओर से दिल्ली में जारी इस सूची के अनुसार, टोंक सीट पर अजीत सिंह मेहता को उम्मीदवार बनाया है। यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट हैं। पार्टी ने पहली दो सूचियों में क्रमश: 83 और 41 उम्मीदवार घोषित किए थे। तीन सूचियों में वह अब कुल 182 प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
इस बीच, बीजेपी के सीनियर नेता रविशंकर प्रसाद ने दावा किया कि इस महीने होने वाले विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी कांग्रेस से राजस्थान की सत्ता छीन लेगी। दरअसल, राज्य की सभी 200 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी। नामांकन छह नवंबर तक किए जा सकते हैं। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
