West Bengal Assembly Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कोलकाता के उत्तरी इलाके दमदम विधानसभा क्षेत्र में एक रोड शो किया। यह रोड शो पानीहाटी और जादवपुर समेत विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में उनके व्यस्त चुनाव प्रचार अभियान का हिस्सा था।
पीएम मोदी ने दम दम में किया रोड शो (फोटो साभार: @narendramodi)
PM मोदी ने हाथ हिलाकर स्वीकार किया अभिवादन
अपनी काली बुलेटप्रूफ गाड़ी का एक साइड दरवाजा खोलते हुए, प्रधानमंत्री ने हजारों की भीड़ की ओर हाथ हिलाया, जिनमें से कई महिलाएं थीं।समर्थक 'मोदी, मोदी' के नारे लगा रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने बैरिकेड वाले क्षेत्रों में पहुंच गये लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया। रोड शो के दौरान दम दम रोड पर एक किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की गई।
क्या कुछ बोले पीएम मोदी
बाद में, पीएम मोदी ने जनता के उत्साह को 'लोगों द्वारा असाधारण स्वागत' बताया। उन्होंने कहा, ''तृणमूल कांग्रेस ने लूट और कुशासन की अपनी संस्कृति के कारण पश्चिम बंगाल के शहरी क्षेत्रों की उपेक्षा की है। भाजपा शहरी विकास पर ध्यान केंद्रित करेगी और लोगों के सपनों को साकार करने का प्रयास करेगी।'' उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, ''धन्यवाद दम दम। तृणमूल हार रही है। भाजपा जीत रही है।''
'बंगाल में दिख रही परिवर्तन की लहर'
इससे पहले, पीएम मोदी ने दावा किया कि बंगाल में पहले चरण के मतदान में 'परिवर्तन की लहर' स्पष्ट रूप से दिखाई दी और यह तृणमूल कांग्रेस के "महा जंगलराज" के अंत का संकेत है। उत्तर 24 परगना जिले के दमदम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पानीहाटी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारी मतदान का मतलब भाजपा का समर्थन बढ़ना और तृणमूल की "तानाशाही" को नकारा जाना है।
पीएम मोदी ने कहा, ''बंगाल में लंबे समय से जो बदलाव की लहर दिखाई दे रही थी, कल के पहले चरण के मतदान ने उस पर मुहर लगा दी है। कल भाजपा के पक्ष में मिले समर्थन ने उसकी जीत का शंखनाद कर दिया है।'' पीएम मोदी ने कहा, ''बंगाल में जहां तृणमूल ने अपनी तानाशाही से लोकतंत्र के मंदिर को ध्वस्त कर दिया था, वहां के लोगों ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण शुरू कर दिया है। अब दूसरे चरण में आपको इस मंदिर पर विजय ध्वज फहराना है।''
