Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रण में नेताओं के तीखे भाषणों और राजनीतिक रैलियों के बीच कुछ ऐसे 'सरप्राइज मोमेंट्स' भी देखने को मिले, जिन्होंने न केवल इंटरनेट पर सुर्खियां बटोरीं, बल्कि चुनाव प्रचार को एक नया रोचक रंग दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झालमुड़ी स्वाद से लेकर अनुराग ठाकुर के मछली-भात तक, देखते हैं ऐसे ही पांच खास मौके, जिनकी चर्चा लंबे समय तक होने वाली है।
बंगाल चुनाव के दौरान घटे कई सरप्राइज मोमेंट्स (चित्र साभार: X/@narendramodi)
पीएम मोदी ने चखा झालमुड़ी का स्वाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को झाड़ग्राम में प्रचार के दौरान अपने काफिले को रुकवाकर सबको चौंका दिया। वे एक छोटी सी दुकान पर पहुंचे और बंगाल के मशहूर स्ट्रीट फूड 'झालमुड़ी' का आनंद लिया। पीएम ने बड़े ही सरल अंदाज में दुकानदार से उसकी कीमत पूछी और बातचीत की। मोदी और दुकानदार का संवाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जब दुकानदार ने पूछा कि क्या प्याज डालना है, तो मोदी जी ने मजाकिया लहजे में कहा, "हां प्याज खाते हैं, बस दिमाग नहीं खाते।" इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए बिना नमक की झालमुड़ी पसंद की। इस पल ने दिखाया कि एक व्यस्त चुनावी कार्यक्रम के बीच भी प्रधानमंत्री जनता के साथ घुलने-मिलने का कोई मौका नहीं छोड़ते।
जब सिलीगुड़ी की शादी में अचानक पहुंचे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने सिलीगुड़ी में एक नवविवाहित जोड़े, श्रेया और अक्षय जैन की शादी में अचानक पहुंचकर उन्हें जीवन भर की सबसे बड़ी सौगात दे दी। प्रधानमंत्री उसी रिजॉर्ट में ठहरे थे जहां शादी हो रही थी। उन्होंने न केवल जोड़े को आशीर्वाद दिया बल्कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी। शादी समारोह में मौजूद मेहमान तब हैरान रह गए जब उन्होंने सुरक्षा घेरे के बीच प्रधानमंत्री को मंच की ओर आते देखा। पीएम ने जोड़े को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं दीं और उनके साथ समय बिताया।
रेखा गुप्ता का 'अंधेरे' वाला रोड शो
कोलकाता की सड़कों पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के रोड शो के दौरान एक अजीब वाकया पेश आया। सोमवार को रैली के बीच अचानक स्ट्रीटलाइट्स गुल हो गईं और पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। रेखा गुप्ता ने इसे टीएमसी की 'साजिश' करार दिया और दावा किया कि यह उनकी लोकप्रियता से डरकर किया गया कृत्य है। अंधेरे के बावजूद रेखा गुप्ता ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में अपना भाषण जारी रखा। उन्होंने प्रशासन पर सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदार ममता दीदी होंगी। हजारों की भीड़ के बीच अंधेरे में हुआ यह प्रचार टीएमसी और भाजपा के बीच बढ़ती तल्खी का एक बड़ा गवाह बन गया।
राहुल गांधी की रैली पर 'ब्रेक' और कांग्रेस का गुस्सा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोलकाता दौरे को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्रशासन ने 23 अप्रैल को होने वाली उनकी मेगा रैली को अनुमति देने से इनकार कर दिया। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन ममता बनर्जी के इशारे पर काम कर रहे हैं और विपक्षी रैलियों को बाधित कर रहे हैं। पार्टी के अनुसार, राहुल की पिछली रैलियों में उमड़ी भीड़ को देखकर सरकार घबरा गई है। अनुमति न मिलने के कारण अब कांग्रेस नई तारीखों (25 या 26 अप्रैल) के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रही है। राहुल गांधी की रैली रद्द होने से कांग्रेस समर्थकों में काफी नाराजगी है और उन्होंने इसे 'लोकतंत्र की हत्या' बताया है।
अनुराग ठाकुर ने खाया 'माछ-भात'
बंगाल के खान-पान की संस्कृति को चुनावी हथियार बनाते हुए टीएमसी ने दावा किया था कि भाजपा सत्ता में आई तो मछली खाने पर रोक लगा देगी। इसके जवाब में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कोलकाता में कैमरे के सामने पारंपरिक मछली-भात खाकर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी की थाली पर पाबंदी नहीं लगाती। हालांकि, मंगलवार के दिन मछली खाने पर अखिलेश यादव और सौरभ भारद्वाज जैसे नेताओं ने सवाल भी उठाए, लेकिन अनुराग ठाकुर ने स्पष्ट किया कि वे सालों से बंगाल की संस्कृति का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने ममता सरकार पर आरोप लगाया कि उनके पास दिखाने के लिए कोई काम नहीं है, इसलिए वे 'खान-पान' को लेकर भ्रम फैला रही हैं। मछली-भात की इस प्लेट ने बंगाल की चुनावी जंग को और ज्यादा दिलचस्प बना दिया है।
