इलेक्शन

मोदी सरकार जा रही है, चार जून को इंडिया गठबंधन सत्ता में आ रहा है...बोले केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा कि चुनाव के प्रत्येक चरण के पूरा होने के साथ यह और स्पष्ट हो रहा है कि मोदी सरकार जा रही है, चार जून को ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आ रहा है।

Image

अरविंद केजरीवाल

Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि इस चुनाव में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। केजरीवाल ने कहा कि चुनाव के प्रत्येक चरण के पूरा होने के साथ यह और स्पष्ट हो रहा है कि मोदी सरकार जा रही है, चार जून को ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आ रहा है। इंडिया गठबंधन देश को स्थिर सरकार देगा।

कहा- इंडिया गठबंधन को मिलेंगी 300 सीटें

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 4 जून को देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। केजरीवाल के मुताबिक इंडिया गठबंधन को अकेले अपने दम पर ही लोकसभा की 300 सीटें मिल रही हैं। मुख्यमंत्री का कहना है कि इसको लेकर कई सर्वे किए गए हैं। सर्वे के नतीजों के आधार पर वह यह दावा कर रहे हैं। इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को दिल्ली में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की जमकर आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल दो व्यक्ति ऐसे हैं जिनके समर्थक भारत की बजाए पाकिस्तान में ज्यादा हैं।

केजरीवाल ने किया शाह पर पलटवार

इसके जवाब में मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी के समर्थक पाकिस्तानी हैं, यह कहना दिल्ली और देश की जनता को अपमानित करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी को 70 में से 62 सीटें देकर सरकार बनाई है, क्या दिल्ली के लोग पाकिस्तानी हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, क्या पंजाब के लोग पाकिस्तानी हैं। गुजरात में आम आदमी पार्टी को 14 प्रतिशत वोट मिला था, क्या गुजरात के लोग पाकिस्तानी हैं। उन्होंने कहा कि आप पीएम नहीं बन रहे हैं, केंद्र में बीजेपी की सरकार नहीं आने वाली।

सीएम योगी को केजरीवाल की नसीहत

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सोमवार को दिल्ली में थे और उन्होंने यहां मुझ पर जुबानी हमला किया। केजरीवाल ने कहा कि मैं योगी आदित्यनाथ से कहना चाहता हूं कि आपके असली दुश्मन तो भाजपा में ही हैं। प्रधानमंत्री और अमित शाह आपको कुर्सी से हटाने की तैयारी कर चुके हैं, आपको उनसे निपटना चाहिए। इसके साथ ही केजरीवाल ने मतदाताओं से इंडिया गठबंधन के समर्थन में वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि 4 जून को उनकी सरकार बनेगी। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि इंडिया को बचाना है तो इंडिया को जिताना है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article