Mamata Banerjee News: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और जुबानी हमले तेज होते जा रहे हैं। इसी क्रम में तृमणूल कांग्रेस की सुप्रीमो और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला किया है। मंगलवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि 'योगी बाबू - बंगाल में बुलडोजर नहीं चलता है। यह यूपी नहीं है। आजकल उत्तर प्रदेश जल रहा है। योगी बाबू यहां आकर भाषण देते हैं, और कहते हैं कि बंगाल में बुलडोजर चलते रहेंगे।'
बंगाली सलाम करते हैं-ममता
टीएमसी नेता ने कहा कि 'बंगाल में बुलडोजर नहीं चलते, बंगाली सलाम करते हैं, प्रणाम कहते हैं, जय हिंद कहते हैं, वंदे मातरम कहते हैं। यहां से जब लड़के-लड़कियां BJP के राज्य में जाते हैं, तो उन्हें मार दिया जाता है। उन पर अत्याचार किया जाता है। जब वे बंगाली बोलते हैं, तो उन्हें घुसपैठिया कहा जाता है। उनका बदला लोकतंत्र के बक्से में होगा। इसी महीने डिलिमिटेशन बिल लाया जा रहा है। यह आपको टुकड़ों में बांट देगा।'

mamata Banerjee
योगी की सोनामुखी रैली में दिखा बुलडोजर
रविवार को यूपी के सीएम ने सोनामुखी में चुनावी रैली को संबोधित किया। रैली में बुलडोजर लेकर भी लोग पहुंचे थे।यह बुलडोजर सोनामुखी विधानसभा क्षेत्र के पत्रसायर मवेशी बाजार मैदान में मंच के पास खड़ा किया गया था। नंदकुमार में आयोजित रैली में आदित्यनाथ ने कहा, 'यूपी का बुलडोजर उन अपराधियों को करारा जवाब देगा, जो बंगाल की कला और संस्कृति, उसकी बेटियों-बहनों और राज्य के युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे।'
भाजपा-टीएमसी में जुबानी हमले तेज
बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच जुबानी हमले काफी तेज हो गए हैं। ममता एसआईआर को लेकर भाजपा पर काफी हमलावर हैं। बनर्जी ने सोमवार को दावा किया कि केंद्र सरकार और 19 राज्य उनके खिलाफ एकजुट हो गए हैं और वह अकेले ही आम जनता के लिए संघर्ष कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की देश के 19 राज्यों में सरकार है। बीरभूम जिले के सूरी में एक रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ने कहा कि भाजपा दिल्ली से ताकत का उपयोग करके पश्चिम बंगाल चुनाव नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस 226 से अधिक सीटें हासिल करेगी।’
बाहरी राज्यों से मतदाता लाए जा रहे-ममता का आरोप
बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण युवाओं को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'वे (भाजपा) पैसे बांट रहे हैं... उन्होंने सभी (अधिकारियों और पुलिस) का तबादला दूसरे राज्यों में कर दिया है ताकि कोई उन्हें पकड़ न सके। पश्चिम बंगाल में धन, मादक पदार्थ, हथियार और मतदाताओं की तस्करी की जा रही है। मतदाताओं को बिहार से ट्रेन और बसों में भरकर मतदान के लिए लाया जा रहा है।’
