इलेक्शन

क्या बागियों को साधने की कोशिश में जुटे मनोज जरांगे? अब कांग्रेस की उम्मीदवार से की मुलाकात

Maharashtra Chunav:महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुख्य राजनीतिक पार्टियों के लिए उनके बागी नेता सबसे बड़ी चिंता बन गए हैं। इस बार के चुनावी जंग में मराठा आरक्षण आंदोलन का असर देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में सांगली सीट से कांग्रेस की बागी उम्मीदवार ने समर्थन के लिए मनोज जरांगे से मुलाकात की है।

Image

जयश्री पाटिल ने मनोज जरांगे से मांगा समर्थन।

Jayshree Patil Meets Manoj Jarange for support: कांग्रेस से बगावत करने वाली जयश्री पाटिल ने रविवार को मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे से मुलाकात की और महाराष्ट्र राज्य विधानसभा चुनाव में अपने लिए समर्थन मांगा। जयश्री ने सांगली सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। जयश्री पाटिल लोकसभा सदस्य विशाल पाटिल की भाभी और दिवंगत राज्य मंत्री एवं प्रमुख कांग्रेस नेता रहे मदन पाटिल की पत्नी हैं। वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री दिवंगत संतदादा पाटिल के परिवार से हैं।

निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर दाखिल किया नामांकन

जयश्री पाटिल ने कांग्रेस द्वारा सांगली विधानसभा क्षेत्र से पृथ्वीराज पाटिल की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया। वर्तमान में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भाजपा के सुधीर गाडगिल कर रहे हैं। पाटिल ने समर्थकों और रिश्तेदार विशाल पाटिल के साथ जरांगे से मुलाकात की।

‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न जारी करने का भी किया है अनुरोध

विशाल के भाई और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रतीक पाटिल ने कहा, 'हमने जरांगे से समर्थन मांगा है, क्योंकि जयश्री एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने पहले ही नामांकन दाखिल कर दिया है और उनके लिए काफी समर्थन है।'

जयश्री पाटिल के करीबी सूत्रों के अनुसार, उन्होंने चुनाव आयोग से ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न जारी करने का भी अनुरोध किया है, जिसे उनके देवर ने लोकसभा चुनाव के दौरान इस्तेमाल किया था और जीत हासिल की थी।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article