Punjab Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को पंजाब की चार सीट के वास्ते उम्मीदवार घोषित किए। इनमें प्रमुख नाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का है जिन्हें लुधियाना से टिकट दिया गया है। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को गुरदासपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।
मनीष तिवारी
खदूर साहिब से कटा जसवीर गिल का टिकट
पार्टी ने खदूर साहिब लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद जसवीर सिंह गिल को टिकट नहीं दिया है। उनकी जगह कुलबीर सिंह जीरा को उम्मीदवार बताया गया है। पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंघला को आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।
मनीष तिवारी को चंडीगढ़ से टिकट
इस सीट से वर्तमान सांसद मनीष तिवारी को इस बार चंडीगढ़ से उम्मीदवार बनाया गया है। पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों के लिए एक जून को मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।
इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने 22 अप्रैल को एक और लिस्ट जारी की थी, जिसमें पंजाब की दो सीट पर उम्मीदवार के नाम की घोषणा की थी। पार्टी ने होशियारपुर से यामिनी गोमर और फरीदकोट सीट से अमरजीत कौर को टिकट दिया था। कांग्रेस पंजाब में लोकसभा की 13 में 12 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर चुकी है।
पंजाब में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने जा रही है, जहां उसका मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप), भाजपा और शिरोमणि अकाली दल से होगा। पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर सातवें और आखिरी फेज में 1 जून को वोटिंग होनी है। चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे।
