Lok Sabha election 2024: बीजेपी ने कांग्रेस और आप के खिलाफ एक आरोप पत्र जारी किया है। भाजपा ने इस आरोप पत्र को 'लूट में भागीदारी' नाम दिया है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इस आरोप पत्र में आप के सभी रिकॉर्ड शामिल हैं कि कैसे उसने दिल्ली की जनता को लूटा और कैसे कांग्रेस ने आप से हाथ मिलाया। हमारी पार्टी ने इस विस्तृत आरोप पत्र पर काम किया है, जिसमें शराब घोटाला, शिक्षा घोटाला, पैनिक बटन घोटाला और परिवहन घोटाला शामिल है जो दिल्ली सरकार द्वारा किया गया है।
भाजपा ने कांग्रेस और आप के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र
केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं में आप डाल रही बाधा
जानकारी के लिए बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने कुछ दिन पहले ही इस आरोप पत्र को लाने की बात कही थी। इस आरोप पत्र में दिल्ली वासियों से किए गए आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के वादों की पड़ताल की गई है। दिल्ली सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप, प्रदूषण की गंभीर होती जा रही समस्या, यमुना की सफाई नहीं हो पाना, पूरी दिल्ली में पेयजल आपूर्ति की समस्या, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली की पड़ताल कर वास्तविक स्थिति को आरोप पत्र में शामिल किया गया है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केंद्र सरकार की विकास से संबंधित योजनाओं को पूरा करने में दिल्ली सरकार बाधा डालती है। कभी अपने हिस्से का फंड उपलब्ध नहीं कराती है तो कभी अन्य औपचारिकता पूरी नहीं होने देती है। इसी कारण मेट्रो के फेज चार के निर्माण कार्य में देरी हुई है। ऐसे विषयों को आरोपपत्र में उजागर किया गया है।
