LIVEदक्षिण भारत लोकसभा चुनाव रिजल्ट 2024: साउथ में BJP ने बढ़ाया अपना कदम, केरल में खुला खाता, तमिलनाडु में वोट प्रतिशत बढ़ाया

दक्षिण भारत लोकसभा चुनाव रिजल्ट 2024: साउथ में BJP ने बढ़ाया अपना कदम, केरल में खुला खाता, तमिलनाडु में वोट प्रतिशत बढ़ाया
केरल में कांग्रेस ने 14 सीटों पर किया कब्जा
दक्षिणी राज्य केरल में कांग्रेस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 14 सीटों पर कब्जा किया, जबकि भाजपा की मेहनत भी रंग लाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने केरल में अपना खाता खोला है। पार्टी ने त्रिशूर लोकसभा सीट से चुनाव जीता है।
हैदराबाद से असदुद्दीन ओवैसी ने मारी बाजी
हैदराबाद संसदीय क्षेत्र से एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 3 लाख से ज्यादा मतों से चुनाव जीता। ओवैसी का सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी माधवी लता से था। ओवैसी को जहां 6,61,981 वोट मिले। वहीं माधवी लता के पक्ष में 3,23,894 वोट पड़े।
बेंगलुरु दक्षिण से तेजस्वी सूर्या ने दर्ज की जीत
कर्नाटक की बेंगलुरु दक्षिण सीट से तेजस्वी सूर्या ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सौम्या रेड्डी को 2,77,083 वोट के अंतर से शिकस्त दी।
तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर जीते
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर ने भाजपा उम्मीद राजीव चंद्रशेखर को मात दे दी। चुनाव आयोग के मुताबक, शशि थरूर को 3,58,155 वोट मिले, जबकि राजीव चंद्रशेखर को 3,42,078 मत हासिल हुए। ऐसे में शशि थरूर 16,077 वोट के अंतर से चुनाव जीत गए।
जी. किशन रेड्डी सिकंदराबाद लोकसभा सीट पर आगे
भारतीय जनता पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी मंगलवार को तेलंगाना के सिकंदराबाद लोकसभा क्षेत्र में अपराह्न 3:15 बजे तक अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी दानम नागेंद्र से 65,013 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, किशन रेड्डी को 4,40,598 वोट मिले हैं, जबकि नागेंद्र को 3,75,585 वोट हासिल हो चुके हैं।तेलंगाना की 17 लोकसभा सीटों के लिए मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई।
बसवराज बोम्मई हावेरी से जीते
कर्नाटक के पूर्व सीएम और बीजेपी नेता बसवराज बोम्मई हावेरी लोकसभा सीट से जीत गए हैं।
तिरुवनंतपुरम से शशि थरूर आगे, समर्थकों को खिलाई मिठाई
एचडी कुमारस्वामी मांड्या लोकसभा सीट से जीते
जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी कर्नाटक की मांड्या लोकसभा सीट से जीत गए हैं।
तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट पर थरूर ने हासिल की बढ़त
तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजीव चंद्रशेखर से 11,000 मतों के अंतर से बढ़त हासिल कर ली है। मतगणना के शुरुआती रुझान में चंद्रशेखर और थरूर के बीच कड़ी टक्कर रही। दोपहर तक भाजपा नेता ने थरूर पर लगभग 24,000 वोटों की बढ़त हासिल कर ली थी, हालांकि एक घंटे से अधिक समय बाद थरूर ने चंद्रशेखर से 11,815 मतों से बढ़त वापस ले ली।
केरल में भाजपा के दो उम्मीदवार आगे, पार्टी ने जताया दोनों की जीत का विश्वास
केरल की 20 लोकसभा सीट पर मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी ने त्रिशूर और तिरुवनंतपुरम सीट पर जीत हासिल करने का विश्वास जताया है। केरल की राजनीति में पारंपरिक रूप से दो प्रमुख राजनीतिक मोर्चों - वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का प्रभुत्व रहा है। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, त्रिशूर में अभिनेता व भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी 50,000 मतों से आगे हैं, जबकि तिरुवनंतपुरम में भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर से 20,000 से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं।
धारवाड़ (कर्नाटक) से प्रह्लाद जोशी आगे
केंद्रीय मंत्री और धारवाड़ (कर्नाटक) से भाजपा उम्मीदवार, प्रह्लाद जोशी आधिकारिक चुनाव आयोग रुझानों के अनुसार 85,971 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
तेलंगाना में कांग्रेस आठ और भाजपा सात लोकसभा सीट पर आगे
तेलंगाना में लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को हो रही मतगणना के रुझानों के अनुसार सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा क्रमश: आठ और सात लोकसभा सीटों पर आगे हैं। निर्वाचान आयोग की वेबसाइट के अनुसार भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) एक-एक सीट पर आगे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. राधाकृष्णन कन्याकुमारी सीट से पीछे
पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. राधाकृष्णन कन्याकुमारी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा सांसद विजय वसंत से पीछे हैं।
तमिलनाडु में भाजपा वोट प्रतिशत बढ़ा
भाजपा ने तमिलनाडु में पहली बार 10 प्रतिशत वोट का आंकड़ा पार किया, अभी तक हुई मतगणना में 10.21 प्रतिशत वोट मिले।
कोयंबटूर से अन्नामलाई आगे
कोयंबटूर से बीजेपी उम्मीदवार के अन्नामलाई आगे। डीएमके 36 सीटों पर आगे है।
बीजेपी तेलंगाना में 8 सीटों पर, कर्नाटक में 17 सीटों पर आगे
बीजेपी तेलंगाना में 8 सीटों पर, कर्नाटक में 17 सीटों पर आगे। तमिलनाडु में शून्य पर, केरल में 2 सीटों पर आगे।
तिरुवनंतपुरम से भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर आगे
केंद्रीय मंत्री और तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर 4,948 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
हैदराबाद से असदुद्दीन ओवैसी आगे
ईसीआई के रुझानों के मुताबिक, एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद (तेलंगाना) से उम्मीदवार असदुद्दीन ओवैसी 15461 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। वोटों की गिनती जारी है।
तमिलनाडु में द्रमुक नीत 'इंडिया' ब्लॉक आगे, कनिमोझी, दयानिधि मारन को बढ़त, अन्नामलाई पीछे
तमिलनाडु में शुरुआती मतगणना में द्रमुक के नेतृत्व वाला 'इंडिया' ब्लॉक कई लोकसभा सीटों पर आगे चल रहा है। वरिष्ठ द्रमुक नेता और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की बहन कनिमोझी करुणानिधि थूथुकुडी लोकसभा सीट से आगे चल रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और द्रमुक के वरिष्ठ नेता दयानिधि मारन चेन्नई सेंट्रल से आगे चल रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के स्टार प्रचारक के. अन्नामलाई कोयंबटूर लोकसभा सीट से पीछे चल रहे हैं। कांग्रेस नेता और मौजूदा सांसद कार्ति चिदंबरम शिवगंगा निर्वाचन क्षेत्र से आगे हैं। 2019 के लोकसभा चुनावों में द्रमुक के नेतृत्व वाले सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस (एसपीए) ने 39 लोकसभा सीटों में से 38 पर जीत हासिल की थी। तमिलनाडु में 39 लोकसभा सीटों के लिए 950 उम्मीदवार मैदान में हैं।
हसन से जद (एस) उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना आगे
कर्नाटक के हसन से जद (एस) उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना 1446 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं।