LIVE

यूपी में इंडिया गठबंधन की बड़ी जीत, बीजेपी को तगड़ा नुकसान

यूपी लोकसभा चुनाव 2024 परिणाम लाइव
यूपी में इंडिया गठबंधन की बड़ी जीत, बीजेपी को तगड़ा नुकसान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में जीत दर्ज करने में कामयाब रहे। हालांकि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे चुनाव हार गये। प्रधानमंत्री मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश से 11 केंद्रीय मंत्री चुनावी मैदान में थे। राज्य में लोकसभा की 80 सीट हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव में जीत हासिल करने वाले केंद्रीय मंत्रियों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, कानून एवं न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल और उपभोक्ता मामले एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 33 सीटें मिली हैं, सपा को 37 सीटें मिली हैं, कांग्रेस के हिस्से 6 सीटें आई हैं।

JUN 04, 2024 23:23 IST

मोहनलालगंज में सपा के आरके चौधरी ने केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर को हराया

समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार और प्रदेश के पूर्व मंत्री आरके चौधरी ने मोहनलालगंज संसदीय सीट से केंद्रीय मंत्री व भाजपा उम्मीदवार कौशल किशोर को 70,292 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, मोहनलालगंज (आरक्षित) सीट पर किशोर को 5,97,577 मत मिले, जबकि सपा उम्मीदवार आरके चौधरी को 6,67,869 मत मिले। वहीं, बसपा के राजेश कुमार को 88461 मत हासिल हुए। किशोर को भाजपा उम्मीदवार के रूप में मोहनलालगंज में 2014 और 2019 में जीत मिली थी।
JUN 04, 2024 20:56 IST

अयोध्या में भाजपा नेता लल्‍लू सिंह को सपा के अवधेश प्रसाद ने हराया

उत्तर प्रदेश के अयोध्‍या स्थित फैजाबाद संसदीय क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और सांसद लल्लू सिंह समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद से 54567 मतों के अंतर से पराजित हो गये। निर्वाचन आयोग के अनुसार फैजाबाद (अयोध्या) संसदीय सीट पर सपा के अवधेश प्रसाद को 5,54,289 मत मिले, जबकि लल्‍लू सिंह को 4,99,722 मिले। बसपा के सच्चिदानंद पांडेय को 46407 मत पाकर संतोष करना पड़ा। फैजाबाद में 2014 और 2019 में भाजपा से जीते लल्‍लू सिंह तीसरी बार ‘हैट्रिक’ लगाने से वंचित रह गये। लल्‍लू सिंह का चुनाव में पराजित होना इसलिए मायने रखता है क्योंकि 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अयोध्या में भगवान श्री रामलला के भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की थी।
JUN 04, 2024 20:47 IST

मुरादाबाद से सपा प्रत्याशी रुचि वीरा की जीत, जनता का जताया आभार

लोकसभा चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद अब वोटों की गिनती जारी है। अभी तक के रुझानों में एनडीए ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं इंडिया गठबंधन ने भी लीड बनाई है। उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद सीट से इंडिया गठबंधन के समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी रुचि वीरा ने बड़ी जीत हासिल की है। जीत के बाद उन्होंने कहा कि सभी वर्ग के लोगों ने मुझे अपना समर्थन दिया है। इसके लिए मैं क्षेत्र की जनता का धन्यवाद और आभार जताती हूं।
JUN 04, 2024 20:46 IST

हार के बाद स्मृति ईरानी ने कहा, हम विश्लेषण करेंगे

अमेठी में मिली हार के बाद बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने एक प्रेस कांफ्रेंस जहां उन्होंने अपनी पराजय को जनता का निर्णय मानकर सहर्ष स्वीकार किया, वहीं पांच वर्षों तक जनता की सेवा करने के लिए मिले अवसर के प्रति भी आभार प्रकट किया। स्मृति ईरानी ने कहा, “मुझे लगता है कि यह जनता का आभार व्यक्त करने का समय है और जो जीते हैं, उन्हें बधाई देने का दिन है। संगठन का स्वभाव विश्लेषण करने का है। हम विश्लेषण करेंगे। लेकिन, जनप्रतिनिधि और पार्टी नेता होने के नाम पर मेरा भी बहुत बड़ा सौभाग्य रहा कि मुझे जनता की सेवा का मौका मिला।“
JUN 04, 2024 20:41 IST

कैराना संसदीय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार इकरा हसन जीते

उत्तर प्रदेश के कैराना संसदीय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार इकरा हसन चौधरी ने भाजपा के प्रदीप कुमार को 69,116 मतों के अंतर से पराजित किया।
JUN 04, 2024 20:39 IST

केंद्रीय मंत्री बालियान को सपा के हरेन्‍द्र मलिक ने पराजित किया

उत्‍तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर संसदीय सीट पर भाजपा उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी हरेन्द्र सिंह मलिक से 24,672 मतों के अंतर से पराजित हो गये। निर्वाचन आयोग के अनुसार, मुजफ्फरनगर संसदीय सीट पर सपा उम्मीदवार हरेंद्र मलिक को 4,70,721 मत मिले जबकि बालियान को 4,46,049 मत मिले। इस सीट पर बसपा के दारा सिंह प्रजापति को 1,43,707 मत मिले। जाट समुदाय से आने वाले बालियान 2014 और 2019 में इस सीट से जीते थे। हालांकि इस बार भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम समेत कई नेताओं ने चुनाव की शुरुआत में उनका विरोध किया था।
JUN 04, 2024 20:38 IST

सत्ता के शीर्ष दुर्ग के खिलाफ यह मेरी नैतिक जीत : अजय राय

वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने मंगलवार को कहा कि सत्ता बल की धौंस और भारी धन बल के निवेश के मुकाबले काशी की महान जनता ने विपुल जन समर्थन का जितना आशीर्वाद मुझे दिया है, वह सत्ता के ‘शीर्ष दुर्ग’ के खिलाफ मेरी नैतिक जीत है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं वाराणसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के 'इंडिया' गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय ने चुनाव परिणाम के बाद यहां एक बयान में कहा कि सत्ता बल की धौंस और भारी धन बल के निवेश के मुकाबले मुझे जो समर्थन मिला है वह मेरी नैतिक जीत है। उन्होंने कहा, '' बाबा विश्वनाथ की कृपा और शिवस्वरूप काशीवासियों से मिले इस प्रेम का मैं जीवन की अंतिम सांस तक ऋणी रहूंगा और मेरा जीवन काशी की सेवा को सतत समर्पित रहेगा।''
JUN 04, 2024 20:37 IST

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भाजपा के महेश शर्मा 5.59 लाख मतों से जीते

भाजपा के महेश शर्मा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर से 5.59 लाख मतों के भारी अंतर से लगातार तीसरी बार लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर शाम 6.30 बजे उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शर्मा को 8,57,829 वोट (कुल 14,37,244 वोटों में से 59.69 प्रतिशत) मिले। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक समाजवादी पार्टी के महेंद्र सिंह नागर को 2,98,357 (20.76 प्रतिशत) मत मिले जबकि बहुजन समाज पार्टी के राजेंद्र सिंह सोलंकी को 2,51,615 (17.51 ​​प्रतिशत) मत मिले।
JUN 04, 2024 20:33 IST

गाजीपुर से मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल ने दर्ज की जीत

गाजीपुर से आइएनडीआइए गठबंधन के सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी ने 124266 वोटों से जीत दर्ज कर ली है। भाजपा प्रत्याशी पारस नाथ राय को हार का सामना करना पड़ा।
JUN 04, 2024 20:20 IST

सुल्तानपुर से सपा के रामभुआल निषाद चुनाव जीते, मेनका गांधी हारीं

यूपी में कई हाई प्रोफाइल सीटें है जिनमें सुल्तानपुर भी शामिल है। इस सीट पर सपा के रामभुआल निषाद चुनाव जीत गए हैं। वहीं, बीजेपी प्रत्याशी मेनका गांधी चुनाव हार गई हैं।
JUN 04, 2024 20:13 IST

देवरिया लोकसभा सीट पर BJP के शशांक मणि जीते

देवरिया लोकसभा सीट पर मतगणना पूरी हो गई है। भाजपा के शशांक मणि त्रिपाठी ने कांग्रेस के अखिलेश प्रताप सिंह को 35563 मतों से हराया है।
JUN 04, 2024 20:01 IST

यूपी में दलित राजनीति में बड़ा बदलाव, बसपा डूबी, भीम आर्मी का हुआ उदय

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) डूब गई है। इस चुनाव में एक नया दलित नेता उभर कर सामने आया है। बसपा, उत्तर प्रदेश में एक भी सीट जीतने में विफल रही है। वहीं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के चंद्रशेखर ने किसी राजनीतिक पार्टी या नेता के समर्थन के बिना नगीना सीट पर जीत दर्ज कर ली है। चंद्रशेखर ने नगीना (आरक्षित) सीट पर डेढ़ लाख से ज़्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। यह जीत दलित वोटों में स्पष्ट बदलाव का संकेत है। जबकि इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार सुरेंद्र पाल सिंह को केवल 13272 वोट मिले।
JUN 04, 2024 19:59 IST

इलाहाबाद से कांग्रेस प्रत्याशी उज्जवल रमण सिंह ने दर्ज की जीत

देश भर में 543 सीटों पर काउंटिंग जारी है। अभी तक के रुझानों में एनडीए ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं इंडिया गठबंधन लीड बनाए हुए है। इलाहाबाद लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी उज्जवल रमण सिंह ने बड़ी जीत हासिल की है। जीत हासिल करने के बाद मीडियाकर्मियों से मुखातिब होते हुए उज्जवल रमण सिंह ने कहा कि ये जीत प्रयागराज की जनता की जीत है। ये इंडिया गठबंधन के नेताओं की जीत है। ये जीत कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की जीत है। ये जीत मेरे पिता रेवती रमण सिंह को समर्पित है, जिन्होंने 50 साल तक इस क्षेत्र की सेवा की।
JUN 04, 2024 19:57 IST

अयोध्या में भाजपा की हार ने साबित किया धार्मिक भावनाओं का राजनीति में इस्तेमाल अमान्य : अजय राय

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं वाराणसी लोकसभा प्रत्याशी अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी की अयोध्या में हार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भाजपा की हार ने साबित कर दिया कि धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल लोकतंत्र को अमान्य है। अजय राय ने मंगलवार को अपने एक बयान में कहा कि अयोध्या में भाजपा की हार ने साबित कर दिया कि धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल लोकतंत्र को अमान्य है। उन्होंने कहा कि सत्ता बल की धौंस और भारी धन बल के निवेश के मुकाबले काशी की महान जनता ने जन समर्थन का जितना आशीर्वाद मुझे दिया है, वह सत्ता के शीर्ष दुर्ग के खिलाफ मेरी नैतिक जीत है।
JUN 04, 2024 19:00 IST

मथुरा से BJP प्रत्याशी हेमा मालिनी जीती

मथुरा से BJP प्रत्याशी हेमा मालिनी ने 2 लाख 80 हजार से अधिक वोटो से जीत दर्ज की।
JUN 04, 2024 19:00 IST

पीएम मोदी ने वाराणसी से कांग्रेस के अजय राय को 1.5 लाख से अधिक वोटों से हराया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट जीत ली है। भारत के चुनाव आयोग के अनुसार, पीएम मोदी ने कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय को 1,52,513 मतों के अंतर से हराया है। प्रधानमंत्री मोदी को 6,12,970 वोट मिले, जबकि अजय राय को 4,60,457 वोट मिले। बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार अथर जमाल लारी 33,766 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उत्तर प्रदेश राज्य में, भाजपा 31 सीटों पर आगे है, जबकि उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल और अपना दल क्रमशः दो और एक सीट पर आगे हैं।
JUN 04, 2024 18:52 IST

अखिलेश की पार्टी ने उत्तर प्रदेश में जबर्दस्त वापसी की

उत्‍तर प्रदेश में मंगलवार को हो रही लोकसभा चुनाव की मतगणना में समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा सत्तारूढ़ भाजपा को कड़ी टक्कर देना पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की लोकप्रियता को दर्शाता है। अबतक के रुझानों में सपा 38 लोकसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाई हुई है जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 31 सीट पर आगे है। यह रुझान भाजपा के लिए करारा झटका है। पार्टी ने उस प्रदेश की सभी 80 सीट जीतने का दावा किया था जहां से प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सांसद हैं। सपा ने मायावती नीत बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन में पिछला चुनाव लड़ा था और पांच सीट जीती थी, लेकिन इस बार अखिलेश की पार्टी ने प्रदेश में भाजपा को करारा झटका दिया है, जिसने 2019 में 62 सीट जीती थीं।
JUN 04, 2024 18:51 IST

मैनपुरी में डिंपल यादव ने दो लाख 21 हजार से अधिक मतों के अंतर से चुनाव जीता

समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार डिंपल यादव ने मैनपुरी सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्‍मीदवार जयवीर सिंह को 2,21,639 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। निर्वाचन आयोग के अनुसार डिंपल ने 5,98,526 मत हासिल किया, जबकि उप्र सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को 3,76,887 वोट मिले। बसपा उम्मीदवार शिव प्रसाद यादव को 66,814 मत से संतोष करना पड़ा। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने 2019 में इस सीट पर भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य को 94,389 मतों के अंतर से पराजित किया था।
JUN 04, 2024 18:49 IST

उत्तर प्रदेश में खोया जनाधार तलाश रही कांग्रेस के लिये उत्साहजनक रुझान

उत्तर प्रदेश में पिछले करीब तीन दशक से अपनी खोयी राजनीतिक जमीन तलाश रही कांग्रेस के लिये मौजूदा लोकसभा चुनाव किसी संजीवनी से कम नहीं माने जा सकते हैं। पार्टी राज्य में 17 में से छह सीट पर लगभग निर्णायक बढ़त ले चुकी है। साल 2019 में हुए पिछले लोकसभा चुनाव और उसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अपना सबसे बदतर प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस इस बार लोकसभा चुनाव में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के तहत समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में सूबे की 80 में से 17 सीट पर चुनाव लड़ी और मंगलवार को हो रही मतगणना में वह छह सीट पर जीत की तरफ मजबूती से बढ़ रही है।
JUN 04, 2024 18:47 IST

'यादव परिवार' के पांचों उम्मीदवारों ने बनायी मजबूत बढ़त

लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सियासी लिहाज से प्रभावशाली यादव परिवार के अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव सहित सभी पांच उम्मीदवार अब तक के रूझानों में मजबूत बढ़त बनाये हुए हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भाजपा के सुब्रत पाठक से एक लाख 70 हजार 636 वोट से आगे हैं, जबकि मैनपुरी में डिंपल यादव भाजपा के जयवीर सिंह से दो लाख 21 हजार 639 मतों से आगे हैं।