PM Rishikesh Rally: 'आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारा', ऋषिकेश रैली में PM मोदी की 10 बड़ी बातें

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 11, 2024, 02:38 PM IST

Lok Sabha Election 2024 : कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने पाकिस्तान से आने वाले आतंकवाद पर भी हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की 10 वर्षों के शासन के दौरान आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारा गया है।

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव 2024 के लिए देश भर में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश में जमकर गरजे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने पाकिस्तान से आने वाले आतंकवाद पर भी हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के 10 वर्षों के शासन के दौरान आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारा गया है। रैली में पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां बताईं। उन्होंने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 के खात्मे का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा कि युद्धग्रस्त इलाकों में अब तिरंगा सुरक्षा की गारंटी बन गया है। ऋषिकेश रैली में पीएम मोदी 10 बड़ी बातें इस प्रकार हैं-

ऋषिकेश रैली की 10 बड़ी बातें

  1. कांग्रेस पर हिंदू धर्म को तबाह करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि इसके लिए जनता उसे सबक सिखा कर रहेगी।
  2. पीएम ने कहा कि कोई भी नहीं भूल सकता कि कांग्रेस पार्टी ने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए हैं। यह कांग्रेस ही है जिसने पहले राम मंदिर का विरोध किया, जितने अड़ंगे डाल सकते थे, डाले और अदालत में भी रूकावटें डालने को कोशिश कीं।
  3. उन्होंने कहा, लेकिन राम मंदिर बनाने वालों ने कांग्रेस के सारे गुनाह माफ कर उनके घर जाकर उन्हें मंदिर में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा के लिए निमंत्रण भेजा लेकिन उन्होंने उसका भी बहिष्कार कर दिया।
  4. पीएम ने कहा कि यह कांग्रेस शक्तिस्वरूपा मां धारी देवी, मां चंद्रबदनी देवी, मां ज्वाल्पा देवी की शक्ति को खत्म करना चाहती है। उत्तराखंड की आस्था को तबाह करने की साजिशें चल रही हैं और कांग्रेस की ये बातें आग में घी डालने का काम करेंगी।
  5. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आप सभी को भूलना नहीं है कि यह वही कांग्रेस है जो कहती रही है कि हर की पौड़ी मां गंगा के किनारे नहीं है, वह एक नहर के किनारे बसी है। ये गंगा जी के अस्तित्व पर सवाल उठा रहे हैं। इन्हें उत्तराखंड के लोग सबक सिखा कर रहेंगे।
  6. प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व वाली स्थिर सरकार ने पिछले 10 वर्षों में पहले के मुकाबले देश को बहुत मजबूत किया है।
  7. उन्होंने कहा कि उससे पहले जब तक देश में कमजोर और अस्थिर सरकारें रहीं, तब तक भारत में आतंकवाद ने पैर पसारे लेकिन उनकी मजबूत सरकार में आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारा जाता है।
  8. पीएम ने कहा कि आज युद्ध क्षेत्र में तिरंगा भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है। मोदी ने कहा कि उनकी मजबूत सरकार ने सात दशकों बाद जम्मू—कश्मीर से धारा 370 खत्म की।
  9. पीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने तीन तलाक के खिलाफ कानूान बनाया, महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण दिया और पूर्व सैनिकों को 'ओआरओपी' (वन रैंक, वन पेंशन) का लाभ दिया।
  10. उन्होंने जनता से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए उत्तराखंड की पांचों सीटों पर एक बार फिर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने को कहा। 2014 और 2019 में भी प्रदेश की पांचों सीटें भाजपा के खाते में ही गई थीं।

End of Feed