कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पीएम मोदी (PM Modi) के खिलाफ दिए गए एक विवादित टिप्पणी पर फंसते दिख रहे हैं। बीजेपी ने खरगे के इस बयान पर आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग में शिकायत कर दी है। खरगे ने पीएम मोदी को 'आतंकवादी' कहा था। जिसपर पूरी भाजपा, कांग्रेस पर भड़की हुई है। इसे लेकर चुनाव आयोग से भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुलाकात की और कार्रवाई की मांग की।
मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ बीजेपी ने की EC में शिकायत
बीजेपी ने खरगे के खिलाफ की शिकायत
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता किरेन रिजिजू ने चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद कहा, "आज भाजपा के डेलीगेशन ने चुनाव आयोग से मुलाकात की। हम लोग दुखी मन और आक्रोशित होकर मिले हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरने ने आदरणीय प्रधानमंत्री को अपमानित किया है ये एक बहुत बड़ा विषय है- आतंकवादी कहना। आप समझ सकते हैं, कांग्रेस ऐसा कैसे प्रयोग कर सकती है- देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्द का इस्तेमाल देश को मंजूर नहीं। हमने खरगे पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, वो देश वासियों से माफी मांगें और आयोग इस पर कड़ा एक्शन ले।"
खरगे ने दी सफाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपनी टिप्पणी के बारे में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ नहीं कहा। प्रधानमंत्री राजनेताओं और उम्मीदवारों को डरा रहे हैं और इस संबंध में मैंने कहा था कि कर आतंकवाद हो रहा है, ईडी छापेमारी कर रही है, आयकर विभाग छापेमारी कर रहा है, सीबीआई छापेमारी कर रही है। इस आतंकवाद को प्रधानमंत्री बढ़ावा दे रहे हैं। मैंने उन्हें आतंकवादी नहीं कहा; वे लोगों को डराने के लिए आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। वे छापेमारी के जरिए लोगों को चुप कराने और चुनावों में उन्हें हराने की कोशिश कर रहे हैं। चेन्नई में मैंने यही कहा था।"
भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया
भाजपा ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबंध में मल्लिकार्जुन खरगे की ’’आतंकवादी’’ टिप्पणी का तत्काल संज्ञान ले और कांग्रेस अध्यक्ष को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का निर्देश दिया जाए। आयोग को सौंपे गए ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत खरगे की टिप्पणियों के लिए उनके खिलाफ ’’उपयुक्त दंडात्मक और नियामक कार्यवाही’’ शुरू की जाए और उन पर ’’उपयुक्त (चुनाव प्रचार) प्रतिबंध’’ लगाए जाएं।
