Kharkhoda Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024: हरियाणा में विधानसभा चुनाव अब बेहद नजदीक है। ऐसे में कांग्रेस, भाजपा, जजपा सहित तमाम पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। हरियाणा की सभी 90 सीटों के साथ सोनीपत की खरखौदा विधानसभा सीट पर भी 5 अक्टूबर को मतदान होगा। ऐसे में इस बार भाजपा खरखौदा सीट (Kharkhoda Seat) को जीतने की जुगत में लगी हुई है, लेकिन भाजपा के लिए यह आसान नहीं होने वाला है।
खरखौदा पर टिकी हैं सभी की निगाहें
हरियाणा के सोनीपत जिले की खरखौदा सीट (Kharkhoda Constituency) पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। यहां पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है, लेकिन स्थानीय दलों ने भी अपनी एड़ी से लेकर चोटी तक की ताकत झोंकी हुई है। ऐसे में संभवत: खरखौदा में चुनावी मुकाबला कांग्रेस, भाजपा और स्थानीय दलों के बीच भी हो सकता है।
इस सीट की सबसे रोचक बात यह है कि खरखौदा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ससुराल है। शायद इसी वजह से है कि खरखौदा के लोग हुड्डा पर भरोसा जताते हैं।
कैसे पड़ा खरखौदा का नाम?
जानकारों का कहना है कि खरखौदा का नाम 'खरक' शब्द से लिया गया है जिसका अर्थ 'एक दुकान' है। इससे आप समझ सकते हैं कि खरखौदा अपने शहर की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।
हरियाणा की खरखौदा विधानसभा सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित है और यह सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। साल 2011 की जनगणना के मुताबिक, खरखौदा की आबादी 1,60,508 थी। मतदाताओं की बात की जाए तो खरखौदा में कुल 1,01,004 वोटर हैं। जिनमें 87,365 पुरुष और 72,991 महिला मतदाता हैं।
पिछले तीन चुनावों में कौन जीता
| साल | विजेता | वोट | कौन हारा | वोट |
| 2019 | जयवीर सिंह (कांग्रेस) | 38,577 | पवन कुमार (जजपा) | 37,033 |
| 2014 | जयवीर सिंह (कांग्रेस) | 37,829 | पवन कुमार (निर्दलीय) | 23,647 |
| 2009 | जयवीर सिंह (कांग्रेस) | 43,684 | राजू (INLD) | 18,400 |
विधानसभा चुनाव कार्यक्रम (Haryana Chunav)
हरियाणा की खरखौदा सीट पर अन्य 89 सीटों के साथ एक ही चरण में 5 अक्टबूर को मतदान होंगे, जबकि 8 अक्टूबर को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा यानी चुनावी नतीजे सामने आएंगे।
