इलेक्शन

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025, जंगपुरा विधानसभा सीट: AAP की जीत का सिलसिला जारी रखेंगे मनीष सिसोदिया या मारवाह इस बार मारेंगे बाजी

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025, Jungpura Constituency, History, Party, Ke Candidate: दिल्ली विधानसभा की जंगपुरा सीट पर पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के चुनाव लड़ने से यहां मुकाबला काफी रोचक हो गया है। यहां पर भाजपा ने कांग्रेस से आए तीन बार के पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस की तरफ से फरहाद सूरी यहां से चुनाव लड़ रहे हैं।

Image

जंगपुरा में मनीष सिसोदिया का मुकाबला किस-किस से

Photo : Times Now Digital

Jungpura Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के तहत 5 फरवरी को दिल्ली की सभी 70 सीटों के लिए मतदान होगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कई बड़े नेता अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनमें से कुछ सीटों को वीआईपी और कुछ को VVIP माना जाता है। भले वह नई दिल्ली सीट हो या कालका जी और जंगपुरा। जी हां, इस विधानसभा चुनाव में जंगपुरा भी एक वीवीआईपी सीट है, क्योंकि पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया यहां से चुनावी मैदान में हैं।

दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री रह चुके मनीष सिसोदिया को दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने इस बार जंगपुरा सीट से टिकट दी है। मनीष सिसोदिया इससे पहले पूर्वी दिल्ली की पटपड़गंज सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचते रहे हैं। अब देखना होगा कि दिल्ली में शिक्षा क्रांति लाने का दावा करने वाले मनीष सिसोदिया जंगपुरा विधासनभा की जंग जीत पाते हैं या नहीं।

जंगपुरा का हाल

जंगपुरा विधासनभा सीट दिल्ली में दक्षिण-पूर्व लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है। इस विधानसभा सीट के पड़ोस में ही दक्षिण दिल्ली जिला आता है। जंगपुरा विधानसभा को जंगपुरा, जंगपुरा एक्सटेंशन, जंगपुरा ए और जंगपुरा बी में बांटा जाता है। जंगपुरा में इस बार मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व भाजपा प्रत्याशी सरदार तरविंदर सिंह मारवाह के बीच है। इस मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं कांग्रेस प्रत्याशी फरहाद सूरी। (Delhi Assembly Election 2025: its Manish Sidodia vs Tarvinder Singh Marwah vs Farhad Suri in Jungpura)

जंगपुरा विधानसभा के प्रत्याशी

  • AAP - मनीष सिसोदिया
  • BJP - सरदार तरविंदर सिंह मारवाह
  • कांग्रेस - फरहाद सूरी
  • हरियाणा जनसेना पार्टी - बिजेंदर प्रजापति

कौन कितना मजबूत

दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और पूर्व शिक्षा मंत्री होने के नाते मनीष सिसोदिया का इस सीट के लिए दावा मजबूत लग रहा है। इस बार वह अपनी पारंपरिक सीट पटपड़गंज को छोड़कर जंगपुरा आए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में मनीष सिसोदिया को पटपड़गंज में बहुत कम अंतर से जीत मिली थी। उम्मीद की जा रही है कि इस बार सीट बदलने का उन्हें लाभ मिल सकता है। मनीष सिसोदिया की भाजपा के जिस सरदार तरविंदर सिंह मारवाह से जंगपुरा में जंग है वह स्वयं पहले यहां से तीन बार विधायक रह चुके हैं। हालांकि, यह बात अलग है कि तीनों बार तरविंदर सिंह मारवाह जंगपुरा से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीते थे।

पिछले विधानसभा चुनाव का हाल

मौजूदा विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक बार पूर्व के चुनावों का आकलन करना भी जरूरी हो जाता है। बता दें कि साल 2013, 2015 और 2020 में लगातार तीन बार जंगपुरा सीट आम आदमी पार्टी की झोली में गई है। पार्टी के उम्मीदवार प्रवीण कुमार को 2020 के विधानसभा चुनाव में 50 फीसद से ज्यादा वोट मिले थे, जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा के इमप्रीत सिंह बख्शी को करीब 33 फीसद वोट मिले थे। 2015 के विधानसभा चुनाव में भी AAP के उम्मीदवार प्रवीण कुमार थे और उन्हें 48 फीसद से ज्यादा वोट मिले थे। भाजपा के मनिंदर सिंह धीर को करीब 26 फीसद मत मिले थे। साल 2013 के विधानसभा चुनावों में जब आम आदमी पार्टी ने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा, तब यहां से उन्होंने मनिंदर सिंह धीर को उम्मीदवार बनाया और वह करीब 37 फीसद वोट लेकर जीते। दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी तरविंदर सिंह मारवाह रहे, जिन्हें करीब 35 फीसद वोट मिले थे। इससे पहले के तीन विधानसभा चुनाव 1998, 2003 और 2008 में लगातार तीन बार इस सीट पर कांग्रेस को जीत मिली। कांग्रेस नेता तरविंदर सिंह मारवाह 15 साल तक यहां से विधायक रहे और 2013 में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के सामने उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा।

रोचक फैक्ट्स

  • 1998, 2003, 2008 में कांग्रेस के टिकट पर लड़े और जीते तरविंदर सिंह मारवाह इस बार भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं
  • साल 2013 के विधानसभा चुनाव में AAP की टिकट पर जीते मनिंदर सिंह धीर ने दो साल बाद 2015 के चुनाव में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा
  • 2015 और 2020 में AAP को जंगपुरा में जीत दिलाने वाले प्रवीण कुमार को पार्टी ने इस बार मनीष सिसोदिया के लिए जंगपुरा से टिकट नहीं दिया
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article