Jharkhand Election: भारतीय जनता पार्टी NDA सहयोगियों; ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU), जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के साथ आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। मौजूदा समझौते के मुताबिक, AJSU 10 सीटों पर, जेडीयू 2 सीटों पर और लोजपा चतरा की एकमात्र सीट पर चुनाव लड़ेगी और भाजपा शेष 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में सीट शेयरिंग की दी जानकारी
राज्य भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, AJSU प्रमुख सुदेश महतो, केंद्रीय मंत्री और झारखंड के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और झारखंड में चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा के साथ, शुक्रवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इस विषय में जानकारी दी। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड चुनाव एनडीए मिलकर लड़ेगा। चौहान ने कहा कि झारखंड में भाजपा, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू), जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सीटों के बंटवारे पर भी सहमति बन गई है और जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
आजसू 10 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उन सीटों के बारे में विस्तार से बताया कि जिन पर भाजपा के सहयोगी दल आजसू , जदयू और लोजपा चुनाव लड़ेंगे। सरमा ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर चर्चा चल रही है। फिलहाल, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जनता दल (यूनाइटेड) 2 सीटों पर और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) एक सीट पर...बाद में कुछ सीटों पर कुछ समायोजन हो सकता है, लेकिन अभी तक की स्थिति यही है।
बता दें, भारत के चुनाव आयोग ने मंगलवार को झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की थी। झारखंड की 81 सीटों वाली विधानसभा के लिए 13 और 20 नवंबर को चुनाव होने हैं। दोनों राज्यों में 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। झारखंड में कुल 2.60 करोड़ मतदाता वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें 1.31 करोड़ पुरुष और 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं। राज्य में 11.84 लाख ऐसे मतदाता हैं जो पहली बार वोट डालेंगे।
