इलेक्शन

हरियाणा में खतरे में है कांग्रेस-आप गठबंधन? राहुल गांधी के अपने ही कर रहे विरोध!

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस कई नामों को फाइनल कर चुकी है, लेकिन गठबंधन फाइनल न होने के कारण शायद इसकी घोषणा नहीं की गई है।

Image

हरियाणा में AAP के साथ गठबंधन करने के पक्ष में हैं राहुल गांधी

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • हरियाणा में कांग्रेस और आप में हो सकता है गठबंधन
  • कांग्रेस और आप में सीटों को लेकर है तनातनी
  • कांग्रेस में भी गठबंधन को लेकर विरोध के स्वर

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए एक और नामांकन शुरू हो चुका है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस अभी तक गठबंधन पर भी फैसला नहीं कर पाई है। हरियाणा में कांग्रेस पहले अकेले चुनाव लड़ने के मूड में थी, फिर बाद में खबर आई है कि राहुल गांधी, आप के साथ गठबंधन करने की चाह रहे हैं। जिसके बाद टिकट की घोषणा पर ब्रेक लगी और गठबंधन की कोशिश की जाने लगी। अब खबर है कि हरियाणा कांग्रेस में इसे लेकर विरोध के स्वर हैं। कई नेता इस गठबंधन के पक्ष में हैं, तो कई विरोध में।

कैप्टन अजय यादव गठबंधन के पक्ष में नहीं

कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव से जब 2024 के हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस-आप गठबंधन की बातचीत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हरियाणा में आप का कोई आधार नहीं है और मुझे लगता है कि हम उन्हें वहां क्यों जगह दें? लेकिन अगर कोई मजबूरी है, तो यह आलाकमान को तय करना है कि वे अन्य राज्यों में भी उनके साथ समझौता करना चाहते हैं या नहीं। यादव ने कहा- “मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी ही तय करेंगे कि हमें गठबंधन करना चाहिए या नहीं। जहां तक मेरी निजी राय है, हरियाणा में कांग्रेस को गठबंधन की जरूरत नहीं है...कांग्रेस की लोकप्रियता चरम पर है। आप कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकती। आप को हरियाणा में क्यों घुसने दिया जाना चाहिए।”

गठबंधन पर अभी फैसला नहीं

हरियाणा के लिए कांग्रेस की उप-समिति ने कई वरिष्ठ नेताओं के साथ परामर्श किया। उप-समिति में राज्य के एआईसीसी प्रभारी दीपक बाबरिया, टी.एस. सिंहदेव और अजय माकन जैसे नेता शामिल हैं। सिंहदेव ने कहा कि गठबंधन की संभावना पर पिछले दरवाजे से विचार-विमर्श जारी है और इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा- “यह दोनों पक्षों के लिए स्वीकार्य होना चाहिए। अगर हम गठबंधन में हैं और हम एक परिवार का हिस्सा हैं, तो परिवार के हर सदस्य को अपनी बात रखने का बराबर अधिकार है और अगर उन्हें (आप) सहज महसूस होता है, तो हम मिलकर काम करेंगे और अगर नहीं, तो भी हम साथ रहेंगे और हम अपना काम करेंगे।”

क्या बोले दीपेंद्र हुड्डा

इससे पहले रोहतक से सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रक्रिया चल रही है और पार्टी प्रणाली एक-एक कदम आगे बढ़ रही है।

यह पूछे जाने पर कि पार्टी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कब करेगी, उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि नामों की समीक्षा के बाद पार्टी सबसे मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा- “कांग्रेस का गठबंधन हरियाणा की जनता के साथ है। जनता ने मन बना लिया है कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। (मनोहर लाल) खट्टर और भाजपा के वरिष्ठ नेता इस बात को जानते हैं।”

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article