इलेक्शन

इंदौर चुनाव में गजब नजारा,'दादा', 'भाभी', 'बाबा', 'पिंटू', 'चिंटू' और 'गोलू' भी लड़ रहे चुनाव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 31, 2023, 05:49 PM IST

Indore Election Unique Name: इंदौर के चुनावी समर में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की ओर से उतरे ज्यादातर प्रत्याशी आम जन मानस में अपने असली नाम से कम और उपनाम से ज्यादा पहचाने जाते हैं।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

MP Indore Election Assembly Unique Name: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले की नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनावों में हर बार की तरह इस बार भी मुख्य उम्मीदवारों के असली नामों पर उनके प्रचलित उपनाम भारी पड़ रहे हैं। सोशल मीडिया से लेकर मैदानी चुनाव प्रचार और नारों व भाषणों तक उनके ये उपनाम ही छाए हैं।

इंदौर-1 के भाजपा प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय को उनके कई स्थानीय समर्थक 'बॉस' कहकर पुकारते हैं, तो इस सीट के मौजूदा कांग्रेस विधायक और उम्मीदवार संजय शुक्ला के लिए 'संजू भैया' का संबोधन इस्तेमाल किया जाता है।

भाजपा विधायक महेंद्र हार्डिया 'बाबा' के नाम से मशहूर

उम्मीदवारों में शामिल इंदौर-2 के भाजपा विधायक रमेश मेंदोला 'दादा', इंदौर-4 की भाजपा विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ 'भाभी' और इंदौर-5 के भाजपा विधायक महेंद्र हार्डिया 'बाबा' के नाम से मशहूर हैं।

सत्यनारायण पटेल 'सत्तू' पटेल कहकर पुकारे जाते हैं

इंदौर-2 में रमेश मेन्दोला उर्फ 'दादा' का गढ़ ढहाने की कोशिश में जुटे कांग्रेस प्रत्याशी का मूल नाम वैसे तो चिंतामणि चौकसे है, लेकिन लोग उन्हें उनके उपनाम 'चिंटू' चौकसे से ही जानते हैं।इसी तरह, इंदौर-5 में महेंद्र हार्डिया उर्फ 'बाबा' के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनावी मोर्चा संभाल रहे सत्यनारायण पटेल 'सत्तू' पटेल कहकर पुकारे जाते हैं।

इंदौर की शहरी और ग्रामीण, दोनों बसाहटों को समेटने वाली राऊ सीट पर भी उम्मीदवारों के उपनामों का बोलबाला है। राऊ के मौजूदा कांग्रेस विधायक और पार्टी प्रत्याशी जितेंद्र पटवारी को लोग 'जीतू' पटवारी कहकर पुकारते हैं, तो उनके खिलाफ खड़े भाजपा उम्मीदवार महादेव वर्मा के बजाय 'मधु' वर्मा के नाम से जाने जाते हैं।

'मुझे अपने उपनाम पिंटू के रूप में पुकारे जाने पर कभी-कभी खुद हंसी आती है'

इंदौर-3 के उम्मीदवारों की बात करें, तो शहर के पारम्परिक बाजारों वाले इस क्षेत्र में कांग्रेस के 'पिंटू' जोशी और भाजपा के 'गोलू' शुक्ला के बीच मुख्य चुनावी भिड़ंत है। हालांकि, पिंटू का असली नाम 'दीपक जोशी' और गोलू का मूल नाम 'राकेश शुक्ला' है।दीपक जोशी उर्फ पिंटू ने कहा, 'मुझे अपने उपनाम पिंटू के रूप में पुकारे जाने पर कभी-कभी खुद हंसी आती है। वैसे लोग बड़े प्यार से मेरा उपनाम लेते हैं, तो मुझे पिंटू के संबोधन से कोई परेशानी नहीं है।'

राकेश शुक्ला उर्फ गोलू ने कहा, 'मुझे अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत से ही गोलू के उपनाम से पुकारा जाता रहा है। मुझे यह उपनाम अच्छा लगता है क्योंकि यह मुझे मेरे माता-पिता ने दिया है।' अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में कई प्रत्याशियों ने 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करते वक्त अपने मूल नाम के साथ उपनाम भी जोड़ा है ताकि मतदाता जब इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का बटन दबाएं, तो उम्मीदवार की पहचान को लेकर उनमें भ्रम की कोई भी गुंजाइश न रहे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article