बीजेपी के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह ने विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर में बीजेपी की सरकार बन रही है, लेकिन हरियाणा पर वो नहीं बोल सकते हैं।
एग्जिट पोल में किसकी सरकार
बता दें कि हरियाणा में शनिवार को और जम्मू कश्मीर में मंगलवार को वोटिंग हो चुकी है। वोटिंग खत्म होने के बाद हरियाणा और जम्मू कश्मीर का एग्जिट पोल का रिजल्ट आ गया है। एग्जिट पोल में कांग्रेस, हरियाणा में बहुमत से सरकार बनाती दिख रही है, वहीं जम्मू कश्मीर में भी इंडिया गठबंधन को बढ़त दिख रहा है।
हरियाणा पर क्या बोले बृज भूषण शरण सिंह
इसी एग्जिट पोल को लेकर जब बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में हमारी सरकार आ रही है। इसके बाद जब हरियाणा एग्जिट पोल को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हरियाणा पर बोलना मना है।
विवादों में बृजभूषण शरण सिंह
दरअसल बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों ने यौन शौषण का आरोप लगाया है। जिसे लेकर आंदोलन भी हुआ था, जिसमें महिला पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया सक्रिय थे। इन दोनों समेत कई पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। यह मामला फिलहाल कोर्ट में है। हाल ही में जब विनेश फोगाट कांग्रेस में शामिल हुई और चुनावी मैदान में उतरी तो बृजभूषण शरण सिंह ने खूब हमला बोला था। जिसके बाद खबर आई कि बृज भूषण शरण सिंह को बीजेपी नेतृत्व ने हरियाणा पर बोलने से मना किया है।
