इलेक्शन

Haryana Election: कांग्रेस में भी अब बगावत शुरू, टिकट नहीं मिलने पर राजेश जून ने दिया इस्तीफा, निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान

Haryana Election: राजेश जून बहादुरगढ़ सीट से टिकट से मांग रहे थे, जिसे कांग्रेस नेतृत्व ने खारिज कर दिया था। जिसके बाद राजेश जून बागी हो गए और इस्तीफा दे दिया।

Image

राजेश जून ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा

KEY HIGHLIGHTS
  • राजेश जून का कांग्रेस से इस्तीफा
  • टिकट नहीं मिलने से थे नाराज
  • निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

Haryana Election: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा के एक दिन बाद कांग्रेस को बगावत का सामना करना पड़ा। बहादुरगढ़ सीट से टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस नेता राजेश जून ने शनिवार को पार्टी छोड़ दी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा की। पार्टी ने बहादुरगढ़ सीट से मौजूदा विधायक राजेंद्र सिंह जून को मैदान में उतारा है। राजेश झज्जर जिले की बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार थे।

निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे राजेश जून

राजेश ने कहा कि उन्होंने यह फैसला अपने समर्थकों से सलाह लेने के बाद लिया, जिन्होंने उनसे आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा है।

राजेश ने कहा कि वह 11 सितंबर को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने चुनाव लड़ने के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। राजेश ने कहा कि उन्हें ‘धोखा’ दिया गया, क्योंकि उनकी उम्मीदवारी को नजरअंदाज कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि उनका ‘‘इस्तेमाल किया गया और फेंक दिया गया।’’

2014 में मिली थी हार

राजेश ने 2014 के विधानसभा चुनाव में बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजेंद्र जून के पक्ष में अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया था।

कांग्रेस की पहली लिस्ट में 31 नाम

कांग्रेस ने शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 31 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई से, पार्टी की हरियाणा इकाई के प्रमुख उदय भान को होडल से और पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से मैदान में उतारा गया।

वर्तमान विधानसभा में पार्टी के 28 मौजूदा विधायकों में से 27 को कांग्रेस ने शुक्रवार को फिर से उम्मीदवार बनाया है, जबकि इसराना सीट के लिए घोषणा की जानी बाकी है, जहां से उसका एक विधायक है।

भाषा की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article