इलेक्शन

हरियाणा के रण में विजयी हुईं 13 महिला विधायक, देखें कहां से किसने जीता मुकाबला

Haryana Assembly Election Results 2024: हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 48 सीट जीतकर अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि हासिल की, जबकि कांग्रेस के खाते में 37 सीटें आईं और इनेलो दो सीटें जीतने में कामयाब हुई, लेकिन इस चुनाव में 13 महिला उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज की तो चलिए जानते हैं कि कौन सी महिला उम्मीदवार कहां से जीती हैं।

Image

13 महिला विधायकों ने दर्ज की जीत

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 90 सदस्यीय विधानसभा के नतीजे जारी।
  • भाजपा ने तीसरी बार दर्ज की जीत।
  • कांग्रेस के खाते में आईं 37 सीटें।

Haryana Assembly Election Results 2024: हरियाणा में 90 सदस्यीय विधानसभा में इस बार 13 महिला प्रत्याशी निर्वाचित हुई हैं। राज्य के लिए मंगलवार को घोषित किए गए चुनावी नतीजों से यह जानकारी मिली है। हरियाणा में 2019 के विधानसभा चुनाव में आठ महिला उम्मीदवार विधायक बनी थीं।

किस पार्टी की कितनी महिला उम्मीदवार जीतीं?

राज्य में पांच अक्टूबर को हुए चुनाव में 464 निर्दलीय और 101 महिलाओं समेत कुल 1,031 उम्मीदवार मैदान में थे। राज्य विधानसभा में निर्वाचित हुईं पांच महिला विधायक भारतीय जनता पार्टी (BJP) से और सात कांग्रेस से हैं।

देश की सबसे अमीर महिला जीतीं चुनाव

निर्दलीय प्रत्याशी सावित्री जिंदल ने हिसार विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के राम निवास राड़ा को 18,941 मतों के अंतर से हराया। जिंदल कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद एवं उद्योगपति नवीन जिंदल की मां हैं। भाजपा प्रत्याशी शक्ति रानी शर्मा ने कालका सीट से जीत दर्ज की, जबकि कृष्णा गहलावत ने राई विधानसभा सीट से जीत दर्ज की।

भाजपा उम्मीदवार ऋुति चौधरी ने तोशाम से विजयी परचम लहराया जबकि पार्टी उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री राव इंदरजीत सिंह की बेटी आरती सिंह ने अटेली सीट से जीत हासिल की। ऋुति चौधरी भी भाजपा सांसद किरण चौधरी की बेटी हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल की बहू किरण चौधरी इस साल जून में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हो गयी थीं।

विनेश फोगाट ने मारी बाजी

भाजपा की बिमला चौधरी ने पटौदी विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशियों में विनेश फोगाट ने जुलाना विधानसभा सीट से जबकि पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल ने झज्जर सीट से जीत हासिल की।

कांग्रेस की शैली चौधरी ने नारायणगढ़ सीट से जबकि शकुंतला खटक ने कलानौर सीट से जीत दर्ज की। पूजा ने मुलाना विधानसभा सीट और रेनू बाला ने सढौरा सीट से जीत हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी मंजू चौधरी ने नांगल चौधरी सीट से विजयी परचम लहराया।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article