गुजरात में यूपी CM की हुंकार: बोले 'दिल्ली का नमूना' झाड़ू मार झाड़ ले जाएगा सब; कांग्रेस पर यूं किया प्रहार

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 29, 2022, 08:43 PM IST

Gujarat Assembly Elections 2022: दरअसल, गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार मंगलवार को थम गया। वहां एक और पांच दिसंबर को चुनाव होने हैं। गुजरात की जनता के बीच फायर ब्रांड नेता और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मांग सबसे अधिक रही। योगी आदित्यनाथ मंगलवार को वहां पांचवें दिन रण में उतरे। उन्होंने चार विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा।

Gujarat Assembly Elections 2022: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की ओर से प्रचार में अपनी एड़ी चोटी का जोर लगाया। पांचवें दिन भी चार विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के लिए उन्होंने वोट मांगे और इस दौरान उन्होंने गुजरात, यूपी और देश में भाजपा सरकारों के कामों को गिनाया और कांग्रेस की नाकामियों की हुंकार जनता से भराई। सीएम योगी ने पूछा कि जब कांग्रेस हर मुद्दे पर नाकाम है तो क्या आप उनके हाथ का साथ चाहेंगे? जन सभाओं से इस प्रश्न पर एक ही आवाज आई- नहीं। उन्होंने इसके अलावा आप पर भी तंज कसा। बोले कि आप का नमूना (केजरीवाल) झाड़ू मारकर सब झाड़ ले जाएगा। इससे सावधान रहिए। मंगलवार को योगी लूणावाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्य़ाशी जिग्नेश भाई सेवक और बालासिनोर से मान सिंह चौहान के पक्ष में वोट मांगने उतरे थे। सबसे पहले उन्होंने विद्वानों की धरती और छोटी काशी लूणावाड़ा को जयश्री राम किया। कहा कि पीएम मोदी की कर्मभूमि काशी उत्तर प्रदेश से देश की छोटी काशी के रूप में विख्यात लूणावाड़ा में आपको अभिनंदन करता हूं। सीएम योगी के इस वाक्य ने स्थानीय लोगों को उनसे जोड़ा।

yogi adityanath up

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। (फाइल)

सीएम के मुताबिक, भारत दुनिया की बड़ी ताकत बन रहा है। 2014 के पहले कांग्रेस ने देश में अविश्वास, अराजकता, भ्रष्टाचार फैलाया था। जनमानस को शासन-प्रशासन पर विश्वास नहीं रह गया था, ऐसे में सदैव संकट के साथी रहे गुजरात ने नरेंद्र मोदी को दिल्ली भेजकर राजनीति को नई पहचान दी। 20 साल पहले गुजरात में व्यवसाय व धार्मिक कार्यक्रम नहीं हो पाते थे, नौजवान रोजगार के लिए तरस रहा था पर सीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बनते ही गुजरात का नया मॉडल बना। कांग्रेस दंगाइयों को प्रश्रय देने वाली पार्टी है। भाजपा 135 करोड़ लोगों को परिवार मानती है, जबकि कांग्रेस अपने कुनबे को ही परिवार मानती है। आज नर्मदा का पानी हर घर-गांव तक पहुंचाया गया। गुजरात में फिर सरकार आने पर आयुष्मान भारत की राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख कर फ्री स्वास्थ्य बीमा दिलाया जाएगा। निराश्रित पेंशन में वृद्धि की बात हुई है। डबल इंजन की सरकार आपके हित में कार्य कर रही है।

End of Feed