गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक रखी है। जनसभाओं से लेकर रोड शो तक में आप के नेता लगातार समर्थन मांगते दिख रहे हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और गुजरात प्रदेश सह प्रभारी राघव चड्ढा ने शुक्रवार को दहेगाम, कड़ी, नरोडा और गांधीनगर में आयोजित रोड शो निकाला।
आप नेता राघव चड्ढा का रोड शो
राघव चड्ढा ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज गुजरात एक महत्वपूर्ण मोड़ पर आकर खड़ा है। आज गुजरात के लोगों के पास पहली बार एक ऐसा मौका आया है, जब उनको भाजपा कांग्रेस से छुटकारा मिल सकता है और एक ईमानदार पढ़ी-लिखी और काम करने वाली आम आदमी पार्टी की सरकार बना सकते हैं। दिल्ली में 15 साल तक कांग्रेस पार्टी की सरकार थी, लेकिन दिल्ली के लोगों ने एक बार मन बना लिया और 15 साल से शासन कर रही मजबूत कांग्रेस पार्टी को दिल्ली से उखाड़ फेंका। जिसके बाद दिल्ली की जनता ने आजाद भारत की सबसे बड़े बहुमत की आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई।
आगे आप नेता ने कहा कि उसी तरह पंजाब में भी 50 साल से दो पार्टियों का ही शासन था, कांग्रेस और अकाली दल। पंजाब के लोगों ने भी इन दोनों पार्टियों को जड़ों से उखाड़ फेंका और आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई। गुजरात जबसे अलग राज्य बना तब से 35 साल तक कांग्रेस पार्टी की सरकार रही और 27 साल तक भाजपा की सरकार रही। भाजपा-कांग्रेस के शासन में उनके बेटे-बेटी और उनके परिवार के लोग बड़े आदमी बन गए। आम लोगों को, गरीब लोगों को और किसानों को इन सरकारों ने कुछ नहीं दिया। गुजरात की जनता ने कांग्रेस को 35 साल और भाजपा को 27 साल दिए हैं। तो मेरी एक गुजारिश है कि गुजरात की जनता आम आदमी पार्टी को सिर्फ 5 साल के लिए एक मौका दे कर देखें।
आप का रोड शो
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा वाले कहते हैं कि गुजरात में डबल इंजन की सरकार लाओ। जबकि गुजरात में 2014 से डबल इंजन की सरकार है। 2014 में गुजरात में पेट्रोल 60 रुपये लीटर था, अभी 100 रुपये लीटर मिल रहा है। 2014 में डीजल की कीमत 50 रुपये लीटर थी और अभी 90 रुपये मिलता है। 2014 में एलपीजी सिलेंडर 500 में मिलता था अभी 1060 मिलता है। 2014 में दूध 36 रुपये लीटर था और आज दूध 60 रुपये लीटर हो गया है। अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी आपको महंगाई से मुक्ति दिलाएंगे और हर महीने करीब-करीब 30,000 का फायदा पहुंचाएंगे।
