Gujarat Election: गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान एक ऐसे नेता मैदान में हैं, जो अपनी मूछों को लेकर काफी चर्चित हैं। पांच फुट लंबी मूछों के साथ जब वो वोट मांगने के लिए निकलते हैं तो उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है। जहां विभिन्न राजनीतिक दल लोगों को लुभाने के लिये तरह-तरह के वादे कर रहे हैं, वहीं हिम्मतनगर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार मगनभाई सोलंकी वोट पाने के लिये अपनी मूंछों का आसरा ले रहे हैं।
मगनभाई सोलंकी
मांग रहे हैं भत्ता
साबरकांठा जिले की हिम्मतनगर सीट से उम्मीदवार 57 वर्षीय सोलंकी दोनों हाथों से अपनी मूछों के छोर को पकड़कर गर्व से कहते हैं कि इनकी लंबाई करीब पांच फुट है। सेना से 2012 में मानद लेफ्टिनेंट के पद से सेवानिवृत्त हुए सोलंकी की प्रदेश सरकार से मांग है कि मूंछ उगाने वालों को भत्ता दिया जाए। सोलंकी कहते हैं- "जो कोई भी मूंछ उगाता है, सरकार को उसे उनके (मूंछों के) रखरखाव के लिये भत्ता देना चाहिए।"
कभी थे सेना में
मगनभाई सोलंकी सेना में थे, तब भी मूछों को लेकर सेना में उनकी एक अलग पहचान थी। तब उन्हें सेना की तरफ से भत्ता भी मिलता था। उन्होंने कहा- सेना में, मेरी मूंछों के रखरखाव के लिये मुझे विशेष भत्ता मिलता था। मेरी रेजिमेंट में मुझे मूंछवाला के तौर पर जाना जाता था। मेरी मूछें मेरा गर्व हैं। यह मुझे भीड़ से अलग दिखाती हैं।"
2017 से लड़ रहे चुनाव
सोलंकी 2017 से चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार भी उन्हें जीत की ज्यादा उम्मीद नहीं है, लेकिन वो कहते हैं कि उन्हें चुनाव लड़ने में मजा आता है, इसलिए वो ऐसा करते हैं। उन्होंने कहा- 2017 में मैं तब बहुजन समाज पार्टी बसपा का उम्मीदवार था। मैं चुनाव हार गया लेकिन हार नहीं मानी। 2019 के लोकसभा चुनाव में मैंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इस बार भी मैं निर्दलीय चुनाव लड़ रहा हूं।"
