इलेक्शन

एक और मुसीबत में AAP के केजरीवाल, PM मोदी के खिलाफ अपमानजक टिप्पणी पर चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 14, 2023, 10:02 PM IST

प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल पर की गई अपमानजनक टिप्पणी के लिए निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को आप को कारण बताओ नोटिस जारी किया। आयोग ने आम आदमी पार्टी को 16 नवंबर तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के आरोप का जवाब देने के लिए कहा है।

Image

आप को चुनाव आयोग से मिला नोटिस

Photo : PTI

दिल्ली शराब नीति घोटाले में ED की रडार पर आ चुके आप के मुखिया और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल अब एक और मुसीबत में फंस गए हैं। चुनाव आयोग ने पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी मामले में केजरीवाल को नोटिस जारी किया है।

क्या है मामला

प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल पर की गई अपमानजनक टिप्पणी के लिए निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को आप को कारण बताओ नोटिस जारी किया। आयोग ने आम आदमी पार्टी को 16 नवंबर तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के आरोप का जवाब देने के लिए कहा है। दिल्ली और पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी किया गया है।

बीजेपी ने की थी शिकायत

भाजपा ने 10 नवंबर को निर्वाचन आयोग से संपर्क करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाते हुए सोशल मीडिया मंच पर बेहद अस्वीकार्य और अनैतिक वीडियो क्लिप और टिप्पणियां पोस्ट करने के लिए आप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। आप ने पिछले बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर उद्योगपति गौतम अडाणी और प्रधानमंत्री मोदी की एक वीडियो स्टोरी पोस्ट की थी। अगले दिन पार्टी ने अडाणी और मोदी की तस्वीर पोस्ट की और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री लोगों के लिए नहीं, बल्कि उद्योगपति के लिए काम करते हैं।

क्या बोली भाजपा

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी और पार्टी नेता ओम पाठक सहित भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे पर निर्वाचन आयोग से संपर्क किया। निर्वाचन आयोग के समक्ष मुद्दा उठाने के बाद पुरी ने कहा कि सोशल मीडिया पर किये गए इन पोस्ट में कहा जा रहा है कि लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित एक नेता, जो प्रधानमंत्री भी है, किसी व्यक्ति का वेतनभोगी कर्मचारी है। उन्होंने कहा कि आप का यह कृत्य राजनीति में नया निम्न स्तर है। पुरी ने कहा- "अपने आधिकारिक हैंडल से आप ने एक्स पर एक वीडियो और दो अन्य सामग्री पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार के मुखिया के बारे में बहुत अस्वीकार्य, निंदनीय, शरारतपूर्ण और अनैतिक बातें कही हैं।"

कारण बताओ नोटिस

आप को जारी नोटिस में निर्वाचन आयोग ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को एक अन्य राष्ट्रीय पार्टी के स्टार प्रचारक और उस राजनीतिक पार्टी के खिलाफ कथित तौर पर सोशल मीडिया पोस्ट में दिए गए बयानों/आरोपों/कथनों पर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। आयोग ने केजरीवाल से पूछा है कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए उनके खिलाफ उचित कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए। आयोग ने कहा- "निर्धारित समय के भीतर आपकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने की स्थिति में, यह माना जाएगा कि आपको इस मामले में कुछ नहीं कहना है और निर्वाचन आयोग इस मामले में उचित कार्रवाई या फैसला करेगा।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article