इलेक्शन

Maharashtra Assembly Election: वोटिंग से पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस का बड़ा एक्शन, नाना पटोले ने 16 बागियों को दिखाया बाहर का रास्ता

Maharashtra Election: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कांग्रेस पार्टी के 16 बागी उम्मीदवारों को 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है।

Image

महाराष्ट्र कांग्रेस ने बागियों को पार्टी से निकाला

Photo : Twitter

Maharashtra Assembly Election: महाराष्ट्र में कांग्रेस ने बागियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कांग्रेस ने उन 16 नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, जो विधानसभा चुनाव के दौरान निर्दलीय मैदान में उतरे हुए हैं। पहले इन बागियों को मनाने की कोशिश की गई, जब नहीं मानें तो इन्हें पार्टी से निकाल दिया।

किस-किस को कांग्रेस से निकाला गया

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कांग्रेस पार्टी के 16 बागी उम्मीदवारों को 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है। निलंबित नेताओं में सोनल कोवे, अभिलाषा गवतुरे, प्रेमसागर गणवीर, अजय लांजेवार, विलास पाटिल, हंसकुमार पांडे, कमल व्यवहारे, मोहनराव दांडेकर, मंगल भुजबल, मनोज सिंदे, विजय खडसे, शब्बीर खान, अविनाश लाड, याज्ञवल्क्य जिचकर, राजेंद्र मुलक और आनंदराव गेडाम शामिल हैं।

पहले ही दे दी गई थी चेतावनी

यह कार्रवाई कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला के उस बयान के कुछ दिनों बाद हुई है जिसमें उन्होंने कहा था कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले सभी पार्टी बागियों को छह साल के लिए निलंबित कर दिया जाएगा। बागी कांग्रेस नेता मुख्तार शेख ने कस्बा पेठ विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय के रूप में अपना नामांकन वापस ले लिया है और आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए आधिकारिक महा विकास अघाड़ी (एमवीए) उम्मीदवार रवींद्र धांगेकर को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस नेतृत्व से आश्वासन के कई फोन आए, जिसके कारण उनका नामांकन वापस लेना पड़ा।

महाराष्ट्र में कब होगा मतदान

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान होना है और 23 नवंबर को मतगणना होगी। जैसे-जैसे विधानसभा की 288 सीटों के लिए चुनाव नजदीक आ रहे हैं, दो प्रमुख गठबंधनों, महायुति और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के बीच राजनीतिक लड़ाई तेज होती जा रही है। (एएनआई)

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article