इलेक्शन

Congress AAP Alliance: हरियाणा में 5 सीटों से ही करना होगा आप को संतोष, नहीं मानी कांग्रेस? सीट बंटवारा लगभग फाइनल

Congress AAP Alliance: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन की कोशिशों में लगे हैं। हालांकि सीट को लेकर पेंच फंसा है। कांग्रेस आप को ज्यादा सीट देने के लिए तैयार नहीं है।

Image

कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन फाइनल

KEY HIGHLIGHTS
  • आप-कांग्रेस के बीच गठबंधन लगभग फाइनल
  • आप को मिल सकती है पांच सीट
  • आप कर रही है 10 सीट की मांग

Congress AAP Alliance: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन लगभग फाइनल हो गया है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस की शर्तों पर गठबंधन करने को तैयार दिख रही है। पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से जानकारी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में 5 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार हो गई है।

सोमवार को गठबंधन का हो सकता है ऐलान

आम आदमी पार्टी के सूत्रों ने बताया कि गठबंधन का ऐलान सोमवार को हो सकता है। आप के एक सूत्र ने बताया- ‘‘कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया और आप नेता राघव चड्ढा के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। संभावना है कि कल तक गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। आप ने राज्य में पांच सीटों पर चुनाव लड़ने पर सहमति जताई है।’’

आप 10 सीटों की कर रही है मांग

सूत्रों के अनुसार, आप जहां 10 सीट की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस उसे सिर्फ पांच सीट देने को तैयार है। हालांकि, चड्ढा ने सीट बंटवारे के बारे में अब तक हुई कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हम नामांकन की अंतिम तिथि 12 सितंबर से पहले ही निर्णय ले लेंगे। यदि कोई फायदेमंद स्थिति नहीं बनती है, तो हम इसे छोड़ देंगे। वार्ता चल रही है, अच्छी चर्चा हो रही है, मुझे उम्मीद है कि इसका कोई अच्छा निष्कर्ष निकलेगा।’’

आप-कांग्रेस में कब-कब गठबंधन

इससे पहले, इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) में भागीदार कांग्रेस और आप ने दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में लोकसभा चुनावों के लिए सीट के बंटवारे पर समझौता किया था। हरियाणा में आप के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता राज्य में लोकसभा चुनावों में पार्टी के एकमात्र उम्मीदवार थे। वह भारतीय जनता पार्टी के नवीन जिंदल से हार गए। कांग्रेस और आप ने पंजाब में अलग-अलग लोकसभा चुनाव लड़ा था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article