Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों के लिए चुनाव प्रचार सोमवार शाम पांच बजे थम जाएगा। इन सभी सीटों के लिए मतदान पांच फरवरी यानी बुधवार को होगा और चुनाव नतीजे आठ फरवरी को आएंगे। इन सभी सीटों पर 699 प्रत्याशी मैदान में हैं। समझा जाता है कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी उम्मीदवार एड़ी-चोटी का जोर लगा देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के लिए तीन रैलियां की हैं जबकि आम आदमी पार्टी की कमान दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने संभाल रखी है। केजरीवाल ने रैलियां और रोड शो किए हैं।
दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,56,14000 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 83,76,173 और महिला वोटरों की संख्या 72,36,560 है। थर्ड जेंडर 1,267 और दिव्यांग 79,885 हैं। पांच फरवरी को होने वाले मतदान के लिए दिल्ली में कुल 13,766 केंद्र बनाए गए हैं।
चुनाव प्रचार का ‘सुपर संडे’
रविवार को प्रधानमंत्री मोदी, ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपने-अपने दलों की ओर से चुनाव प्रचार की बागडोर संभाली। पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार सोमवार शाम को समाप्त हो जाएगा। मतगणना 8 फरवरी को होगी।दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव में ‘आप’, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के कम से कम पांच मुख्यमंत्रियों ने ‘आप’ पर हमला बोला।
केजरीवाल पर जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा यह चुनाव
दिल्ली विधानसभा चुनाव को ‘आप’ के शासन मॉडल और सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा है। ‘आप’ जहां लगातार तीसरी बार अपना गढ़ बचाने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा 26 साल बाद वापसी की कोशिश में जुटी है।आरके पुरम में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने ‘आप’ पर आरोप लगाया कि पार्टी ने झूठे वादे किए और भ्रष्टाचार में लिप्त रही। उन्होंने ‘‘आप-दा’’ पर राष्ट्रीय राजधानी के 11 साल बर्बाद करने का आरोप लगाया और दावा किया कि अब विकास और तरक्की के लिए समर्पित डबल इंजन वाली सरकार चुनी जाएगी।
दिल्ली में विकास का नया ‘बसंत’ आएगा-पीएम
उन्होंने अपने एक घंटे के भाषण में कहा,‘बसंत पंचमी से मौसम बदलना शुरू हो जाता है। तीन दिन बाद पांच फरवरी को दिल्ली में विकास का नया ‘बसंत’ आएगा। इस बार दिल्ली में भाजपा अपनी सरकार बना रही है।’ मोदी ने लोगों से कहा, ‘पूरी दिल्ली कह रही है - अबकी बार’, और वहां उपस्थित लोगों ने नारा लगाया, ‘मोदी सरकार’।’प्रधानमंत्री ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘दिल्लीवासी केवल भाजपा पर भरोसा करते हैं क्योंकि वह जो कहती है, वह करती है। आरके पुरम में उमड़ी भारी भीड़ से यह स्पष्ट है कि दिल्ली में ‘कमल’ (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेगा।’
विशेष पर्यवेक्षक तैनात करने की मांग
वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा ‘‘गुंडागर्दी’’ पर उतर आई है। केजरीवाल ने निर्वाचन आयोग से उनके नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में विशेष पर्यवेक्षक तैनात करने की मांग की। नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला है जहां पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित चुनाव लड़ रहे हैं। केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि ‘आप’पांच फरवरी को होने वाले चुनाव में ‘निर्णायक जीत’की ओर बढ़ रही है, जिससे भाजपा नेता, विशेष रूप से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘स्तब्ध और हताश’हैं।
सीमापुरी में प्रियंका गांधी की रैली
सीमापुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और केजरीवाल एक जैसे हैं और ‘बड़े उद्योगपतियों के गुलाम हैं।’ उन्होंने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति इस बात से उपजी है कि ‘मैं ईमानदार हूं और हर कोई चोर है।’ प्रियंका ने कहा, ‘ऐसा कहने वालों से सावधान रहें।’ उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल ईमानदारी के आधार पर आए थे, लेकिन क्या हुआ? आबकारी घोटाला हुआ।’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘मोदी जी कहते थे कि हम ईमानदार हैं और ये कांग्रेस के लोग चोर हैं। पिछले 10 वर्षों में उन्होंने कितनी ईमानदारी दिखाई है। उन्होंने देश के पूरे संसाधन अदाणी-अंबानी को सौंप दिए।’
