इलेक्शन

Delhi चुनाव में CM योगी की होगी एंट्री, सुरेश राणा-महेंद्र सिंह सहित इन दिग्गजों ने संभाली कमान

Delhi Elections 2025: एक तरफ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मोर्चा संभालेंगे तो दूसरी तरफ भाजपा संगठन ने यूपी के दिग्गज नेताओं को प्रभारी बनाकर अलग अलग विधानसभाओं में इलेक्शन मैनेजमेंट ऑर मॉनीटरिंग के लिए लगाया है। यह प्रवासी कार्यकर्ता बूथ लेवल से लेकर वोटर से डोर टू डोर मिलने तक का जिम्मा संभाल रहे हैं।

Image

सीएम योगी आदित्यनाथ।

Delhi Elections 2025: केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब पूरी ताकत झोंक दी है। बीजेपी नेतृत्व हर हाल में दिल्ली जीतना चाहता है। यही वजह है कि पार्टी ने एक एक विधानसभा सीट पर प्रवासियों की नियुक्ति कर दी है। एक तरफ पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित तमाम दिग्गज नेताओं की रैलियों से माहौल बनाएगी, वहीं दूसरी ओर प्रवासी नेता विधानसभा क्षेत्रों में इलेक्शन मैनेजमेंट ऑर मॉनीटरिंग का काम करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हरीश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली उत्तर प्रदेश का पड़ोसी राज्य है। यहां लाखों की संख्या में यूपी के लोग रहते हैं।

सीएम योगी की होगी एंट्री

अब दिल्ली चुनाव में सीएम योगी की एंट्री होगी। बीजेपी खासतौर पर पूर्वांचली वोटरों पर फोकस कर रही है और इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उतारने का योजना बनाई गई है। जानकारी के अनुसार, सीएम योगी 23 जनवरी से दिल्ली चुनाव में मोर्चा संभालेंगे और अलग-अलग इलाकों में 14 रैलियां करेंगे। किराड़ी, बाहरी दिल्ली, केशव पुरम, उत्तर पश्चिम दिल्ली, शाहदरा, करोल बाग, नजफगढ़, महरौली, दक्षिण दिल्ली और मयूर विहार में सीएम योगी की रैली होनी है।

यूपी के इन दिग्गज नेताओं ने संभाली कमान

एक तरफ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मोर्चा संभालेंगे तो दूसरी तरफ भाजपा संगठन ने यूपी के दिग्गज नेताओं को प्रभारी बनाकर अलग अलग विधानसभाओं में इलेक्शन मैनेजमेंट ऑर मॉनीटरिंग के लिए लगाया है। यह प्रवासी कार्यकर्ता बूथ लेवल से लेकर वोटर से डोर टू डोर मिलने तक का जिम्मा संभाल रहे हैं। भाजपा ने यूपी के पूर्व गन्ना मंत्री और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता सुरेश राणा को शाहदरा, कृष्णा नगर, लक्ष्मी नगर, गांधी नगर में लगाया गया है, वहीं पूर्व मंत्री एवं एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह को छत्तरपुर, कालकाजी विधानसभा क्षेत्रों में लगाया है। डॉ. महेंद्र सिंह भाजपा मध्य प्रदेश के प्रभारी भी हैं और उनके नेतृत्व में लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने क्लीन स्वीप किया था।

रवि किशन और निरहुआ संभालेंगे मोर्चा

इनके अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा रवि किशन और दिनेश लाल यादव निरहुआ भी दिल्ली में भाजपा के किले को मजबूत करने का काम करेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में पूर्वांचल से आने वाले मतदाताओं की संख्या काफी बड़ी है। इस वोट बैंक पर बीजेपी का पूरा फोकस है।

दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान

दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में 5 फरवरी, 2025 को मतदान होगा। चुनाव नतीजे 8 फरवरी, 2025 को घोषित होंगे। इस बार दिल्ली में 1,55,24,858 (1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858) मतदाता वोट डालने के योग्य हैं। इनमें 83.49 लाख पुरुष मतदाता और 71.73 लाख महिला मतदाता हैं।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article