Delhi Assembly Election 2025 : दिल्ली में तेज हो चुके चुनाव-प्रचार के बीच राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चल रहा है। नई दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया है कि वह चुनाव में राजनीतिक फायदे के लिए पंजाब की मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। दीक्षित ने बुधवार को कहा कि राजधानी में पंजाब पुलिस की गाड़ियां दिख रही हैं। कांग्रेस नेता ने पूछा कि दिल्ली के चुनाव में हरियाणा और यूपी पुलिस की गाड़ियां तो नहीं दिख रही हैं लेकिन पंजाब पुलिस के वाहन दिख रहे हैं। ऐसा इसलिए हैं क्योंकि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। आप पार्टी सियासी फायदे के लिए पंजाब पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। पूर्व सांसद ने कहा कि वह इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस से करेंगे।
बाहरी राज्यों से लोग चुनाव-प्रचार करें, इसमें बुराई नहीं-संदीप दीक्षित
दीक्षित ने कहा कि चुनाव प्रचार करने के लिए देश भर से लोग आ सकते हैं। यूपी, हरियाणा, पंजाब, अंडमान निकोबार चुनाव प्रचार करने कहीं से भी लोग आ सकते हैं। उनका प्रचार करने के लिए खुद बाहरी राज्यों से लोग आए हैं, दूसरे राज्यों के लोगों से चुनाव प्रचार कराने में कोई बुराई नहीं है लेकिन दूसरी राज्य की मशीनरी का इस्तेमाल करना गलत है, जैसा कि आम आदमी पार्टी कर रही है। पंजाब पुलिस की गाड़ियां दिल्ली में दिखाई दे रही हैं। जाहिर है कि सियासी फायदे के लिए पंजाब पुलिस के वाहनों का इस्तेमाल हो रहा है।
AAP को भाजपा ने भी घेरा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को अरविंद केजरीवाल पर विधानसभा चुनाव में हार के डर से नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (आप) शासित पंजाब की आधिकारिक मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वर्मा ने पंजाबियों का ‘अपमान’किया है और उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से माफी मांगने की मांग की।
'पंजाब सरकार के कर्मचारियों को प्रचार में लगाया'
नई दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि नयी दिल्ली में ‘आसन्न’हार से हताश आप संयोजक अरविंद केजरीवाल, पार्टी शासित पंजाब सरकार की मदद से, केवल दिखावे के लिए निर्वाचन क्षेत्र की झुग्गियों में चीनी सीसीटीवी कैमरे लगवा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ‘जल्दबाजी’में लगाए गए चीनी सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। वर्मा ने आरोप लगाया, ‘पंजाब सरकार के शिक्षकों और कर्मचारियों को चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। ये लोग खुद को आप कार्यकर्ता बता रहे हैं।’ उन्होंने दावा किया कि अमृतसर के रहने वाले पंजाब सरकार के दो शिक्षकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
