इलेक्शन

Rajasthan By-Elections: राजस्थान की सात विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव, 23 को रिजल्ट

Rajasthan By-elections 2024 date:निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार उक्त सात विधानसभा सीट में कुल 1,862 मतदान केंद्र और 19,36,532 मतदाता हैं।

Image

राजस्थान में विधानसभा की सात सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा

Rajasthan By-elections 2024 date:राजस्थान में विधानसभा की सात सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा और नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को नयी दिल्ली में 15 राज्यों के 48 विधानसभा क्षेत्रों तथा दो संसदीय क्षेत्रों के लिए उपचुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की।

इसके तहत राजस्थान की झुंझुनूं, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी, सलूंबर और रामगढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा। राज्य विधानसभा में कुल 200 सीट हैं जिनमें से पांच सीट विधायकों के सांसद बनने के कारण और दो सीट विधायकों के निधन के कारण खाली हैं।

राजस्थान की जिन सात विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं उनमें झुंझुनू सीट कांग्रेस के विधायक बृजेंद्र ओला, दौसा सीट कांग्रेस के विधायक मुरारीलाल मीणा, देवली उनियारा सीट कांग्रेस के विधायक हरीश चंद्र मीणा, खींवसर सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के विधायक हनुमान बेनीवाल और चौरासी सीट भारत आदिवासी पार्टी के विधायक राजकुमार रोत के इस्तीफा देने के कारण खाली हुई हैं। इन सभी विधायकों ने इस साल संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में सांसद चुने जाने के बाद इस्तीफा दिया था।

वहीं राज्य की रामगढ़ सीट कांग्रेस विधायक जुबैर खान और सलूंबर सीट भारतीय जनता पार्टी विधायक अमृतलाल मीणा के निधन के कारण खाली हुई हैं। इस तरह से जिन सात सीट पर उपचुनाव होना है उनमें से चार कांग्रेस के पास थीं।राज्य विधानसभा में इस समय भारतीय जनता पार्टी के 114, कांग्रेस के 65, भारत आदिवासी पार्टी के तीन, बहुजन समाज पार्टी के दो और राष्ट्रीय लोकदल का एक विधायक है। इसके अलावा आठ निर्दलीय विधायक हैं।

चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने सभी सीट पर पार्टी की जीत का दावा किया।उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के कार्यकर्ता तैयार हैं...मैं यह कह सकता हूं कि सात सीट के उपचुनाव में भाजपा को ‘जीरो’ सीट मिलेगी।’’ राज्य सरकार के अब तक के कार्यकाल पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘राजस्थान में भाजपा की पर्ची सरकार का यह जो नौ-दस माह का कार्यकाल है, उससे लोग पूरी तरह निराश हैं ...परेशान हैं।’’

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article