Election News: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सभी सियासी पार्टियां अपने-अपने खेमे को मजबूत करने के लिए तमाम दांवपेच लगा रही हैं। कुछ कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं तो कुछ भाजपा के नेता अन्य पार्टियों का रुख कर रही हैं। इसी बीच कांग्रेस को एक बार फिर तगड़ा झटका लगा है। विजेंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है।
BJP में शामिल हुए विजेंदर सिंह।
कांग्रेस छोड़ विजेंदर सिंह बीजेपी में हुए शामिल
ओलंपियन मुक्केबाज व कांग्रेस नेता विजेंदर सिंह बुधवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा महासचिव विनोद तावड़े, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता और दक्षिण दिल्ली से पार्टी के उम्मीदवार रामवीर सिंह बिधूड़ी की मौजूदगी में विजेंदर सिंह ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
पिछले कुछ दिनों से ऐसी चर्चा थी कि कांग्रेस उन्हें मथुरा से अभिनेत्री और मौजूदा सांसद हेमा मालिनी के खिलाफ मैदान में उतार सकती है। विजेंदर सिंह जाट समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, जिसका हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बड़ी संख्या में सीटों पर राजनीतिक प्रभाव है।
लोकसभा चुनाव 2019 में मिली थी करारी हार
विजेंदर सिंह ने 2019 का लोकसभा चुनाव दक्षिणी दिल्ली सीट से कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने 2008 बीजिंग ओलिंपिक में मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने कई अन्य अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भी देश के लिए पदक जीते हैं।
