इलेक्शन

Bihar Election: बिहार चुनाव को लेकर BJP की 26 मार्च को बड़ी बैठक, जेपी नड्डा रहेंगे मौजूद; दोनों डिप्टी सीएम भी होंगे शामिल

Bihar Election: बिहार में इसी साल चुनाव होना है। बीजेपी इस बार भी नीतीश कुमार के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इसी को लेकर 26 मार्च को एक बैठक बिहार में बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

Image

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Bihar Election: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। यह बैठक 26 तारीख को शाम 7 बजे आयोजित की जाएगी। भाजपा नेता संजय जायसवाल के आवास पर बैठक बुलाई गई है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, बिहार के दोनों डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे। इस दौरान बिहार चुनाव को लेकर रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

चुनावी दिशा-निर्देश पर फैसला

माना जा रहा है कि भाजपा के प्रमुख नेता इस बैठक के माध्यम से चुनावी दिशा-निर्देश देंगे और बिहार में एनडीए के चुनावी प्रचार को गति देने की योजना बनाएंगे। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सभी की नजर अब इस बैठक पर रहेगी, क्योंकि इसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं, जो आगामी बिहार चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं।

इसी साल होना है चुनाव

बता दें कि इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसे लेकर नेता तैयारी में जुट गए हैं। एनडीए का कहना है कि इस बार भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बिहार चुनाव लड़ा जाएगा। हाल ही में मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमारे नेता हैं और जाहिर है कि हम उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। इसलिए किसी को मन में कोई शंका नहीं रखनी चाहिए।

क्या बोले संजय जायसवाल

इससे पहले भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के समय में बिहार पुनः वापस तरक्की के रास्ते पर है और जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी का सहयोग मिल रहा है, मुझे उम्मीद है कि बिहार जल्द ही नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। भाजपा सांसद ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में 1990 से 2005 तक एक ऐसा शासन आया, जिसने बिहार को 1947 की स्थिति में पहुंचाने का काम किया। बिहार पहले केवल हत्या और अपहरण के लिए ही जाना जाता था, लेकिन आज बिहार बदल चुका है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article