Rajnath Singh: लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष की ओर से संविधान में बदलाव और आरक्षण खत्म संबंधी बयानों पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार कभी भी भारत का संविधान नहीं बदलेगी और न ही आरक्षण खत्म करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर भय पैदा करने और वोट बैंक की राजनीति के लिए गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि संविधान की प्रस्तावना को बदलने का कोई सवाल ही नहीं है।
राजनाथ सिंह
एक साक्षात्कार में राजनाथ सिंह ने कहा, भाजपा संविधान नहीं बदलेगी। संविधान निर्माताओं ने कभी नहीं सोचा था कि प्रस्तावना में कोई बदलाव होगा।जबकि कांग्रेस ने संविधान के मूल विचार को चोट पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने संविधान में 80 बार संशोधन किए। उन्होंने आपातकाल के दौरान प्रस्तावना में बदलाव किया। बता दें, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि भाजपा अगर सत्ता में रही तो वह संविधान को फाड़कर फेंक देगी। वहीं, कांग्रेस के कुछ अन्य पदाधिकारियों ने आशंका जताई है कि भाजपा संविधान की प्रस्तावना से धर्मनिरपेक्ष शब्द हटा सकती है।
लोगों में डर पैदा कर रही कांग्रेस- राजनाथ
राजनाथ सिंह ने कहा, संविधान की प्रस्तावना को बदलने का कोई सवाल ही नहीं है। कांग्रेस ने इसे बदल दिया और अब वे हमपर निराधार आरोप लगा रहे हैं। दरअसल, भारत के संविधान की प्रस्तावना संविधान के सिद्धांतों को प्रस्तुत करती है। साल 1976 में 42वें संशोधन के तहत भारत के परिचय को 'संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य' से 'संप्रभु समाजवादी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य; में बदल दिया गया। राजनाथ सिंह ने कहा, कांग्रेस नागरिकों में डर पैदा करके लोगों का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही है। मैं सुझाव देना चाहता हूं कि उन्हें विश्वास पैदा करके लोगों का समर्थन हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए, न कि डर पैदा करके।
आरक्षण के मुद्दे पर देश को गुमराह कर रही कांग्रेस
रक्षा मंत्री ने कहा, कांग्रेस भय का माहौल पैदा कर रही है और वोट बैंक की राजनीति के लिए गलत सूचना फैला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है। राजनाथ सिंह ने कहा, आरक्षण खत्म नहीं होगा, वे हमपर झूठे आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस के स्पष्टीकरण मांगे जाने पर राजनाथ सिंह ने कहा, हम आरक्षण के साथ बिल्कुल भी छेड़छाड़ नहीं करेंगे।
