Bihar Elections 2025: जनसुराज पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर उर्फ पीके ने बुधवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि सम्राट चौधरी हत्या के अभियुक्त हैं और तीन माह की जेल काट चुके हैं और नाबालिग होने की वजह से उन्हें अदालत से जमानत मिली थी।
जनसुराज पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर (फाइल फोटो)
क्या कुछ बोले प्रशांत किशोर?
टाइम्स नाउ नवभारत के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि दिलीप जायसवाल ने सिखों के एक माइनॉरिटी कॉलेज को हथिया लिया जिसमें वह क्लर्क थे। आज तक दिलीप जायसवाल ने इन आरोपों को खारिज तो नहीं किया है और न ही कोई जवाब दिया है। उन्होंने आगे एक हत्या से जुड़े मामले का जिक्र किया। पीके ने कहा कि एक राजेश नामक व्यक्ति की हत्या हुई उसमें वह नामजद अभियुक्त हैं। जिस व्यक्ति की हत्या हुई उसकी मां और बहन ने मीडिया के सामने आकर अपनी बात कही। केस के सारे पेपर रखे गए। दिलीप चौधरी ने उसका भी जवाब नहीं दिया।
भाजपा नेताओं पर PK ने लगाए गंभीर आरोप
इस दौरान पीके ने सम्राट चौधरी को भी घसीटा और हत्या से जुड़े एक मामले का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी हत्या के अभियुक्त हैं और तीन माह की जेल काट चुके हैं और नाबालिग होने की वजह से उन्हें अदालत से जमानत मिली थी। इस बात की घोषणा उन्होंने न तो शपथपत्र में की और न ही सार्वजनिक जीवन में की... यह गैरकानूनी काम है। हमने उन्हें यह बताया। हर दो साल में यह अपना नाम बदल लेते हैं। इनका ओरिजनल नाम हत्या मामले के दौरान सम्राट कुमार मौर्य था, यह मैं नहीं कह रहा हूं... यह उनके दस्तावेज बता रहे हैं।
सम्राट चौधरी पर बार-बार नाम बदलने का लगाया आरोप
उन्होंने कहा कि हत्या के आरोप में नाबालिग होने का सर्टिफिकेट लगाकर बाहर निकले तो इन्होंने अपना नाम बदलकर राकेश कुमार कर लिया। फिर जब राकेश कुमार के नाम पर यह मंत्री बने और सुप्रीम कोर्ट ने इन्हें बर्खास्त करने का आदेश दिया तो इन्होंने नाम बदलकर राकेश कुमार उर्फ सम्राट चौधरी कर लिया। इसके दो वर्ष बाद जब इन्होंने चुनाव लड़ा तो उन्होंने अपना नाम सम्राट चौधरी कर लिया।
अशोक चौधरी पर भी बरसे PK
प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अशोक चौधरी सर्वदलीय नेता हैं, उनकी बेटी LJPR में हैं वह खुद जदयू में हैं। पिता कांग्रेस में थे और दामाद आरएसएस कोटे से हैं इसलिए उनको सर्वदलीय नेता कहा जाता है। दरअसल, अशोक चौधरी के वकील ने मानहानि का नोटिस भेजा। इस पर पीके ने कहा कि मेरा वकील इसका जवाब देगा। चोर हम से माफी मांगने की बात कर रहा है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि अशोक चौधरी ने 200 करोड़ की संपत्ति पिछले कुछ साल में गोलमोल करके खरीदी है कुछ अपनी पत्नी के नाम पर कुछ अपनी बेटी के नाम पर। अब अशोक चौधरी के 200 करोड़ की संपत्ति का ब्योरा देंगे। उन्होंने अब तक ब्योरा नहीं दिया है।
PK ने भाजपा को दी चुनौती
जनसुराज पर लगे आरोपों पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जनसुराज को जिस किसी ने पैसा दिया है उसका ब्योरा सार्वजनिक है। आप जांच कर लें, आप सत्ता में हैं। पुलिस, सीबीआई, इनकम टैक्स, ईडी आपके पास है। जांच करा लें, अगर प्रशांत किशोर ने कोई चोरी की है और अगर भाजपा में दम है तो प्रशांत किशोर पर जांच करा लें। मुझे पैसा उस से आता है जिसका पिछले 10 सालों से मैंने काम किया है।
