इलेक्शन

Bihar Election: चुनाव में दिखे गड़बड़ी तो कहां करें शिकायत, बनाए गए हैं विशेष कंट्रोल रूम; यहां देखें नंबर

Bihar Chunav Complaint Number: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। कुल 45,341 बूथों पर वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चलेगी, जबकि कुछ संवेदनशील बूथों पर शाम 5 बजे तक ही मतदान होगा। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 4.5 लाख सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। डीजीपी ने गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। शिकायतों के लिए विशेष कंट्रोल रूम और ई-मेल सुविधा उपलब्ध है।

Image

चुनाव में गड़बड़ियों की कहां करें शिकायत (सांकेतिक तस्वीर | PTI )

Photo : PTI

Bihar Election Complaint Helpline: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है और शाम 6 बजे तक चलेगा। हालांकि सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा के 56 संवेदनशील बूथों पर वोटिंग शाम 5 बजे तक ही होगी। राज्य में कुल 45,341 बूथों पर वोटिंग हो रही है, जहां निगरानी के लिए लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।

4.5 लाख सुरक्षा बल तैनात

चुनाव को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग की योजना के तहत सीएपीएफ की करीब 1500 कंपनियां चिह्नित जिलों में तैनात की गई हैं। इनके अलावा बिहार STF, जिला पुलिस, 20 हजार प्रशिक्षु सिपाही, होमगार्ड जवान समेत कुल 4.5 लाख पुलिसकर्मी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

गड़बड़ियों को लेकर प्रशासन सख्त

डीजीपी विनय कुमार ने चेतावनी दी है कि हिंसा, गड़बड़ी या चुनाव में व्यवधान की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी होगी और चुनाव बाद स्पीडी ट्रायल कर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है।

शिकायत दर्ज कराने के लिए विशेष कंट्रोल रूम

डीजीपी ने बताया कि चुनाव से जुड़ी किसी भी शिकायत, सूचना या गड़बड़ी की जानकारी जिला और पुलिस कंट्रोल रूम, स्थानीय पुलिस अधिकारियों, चुनाव आयोग के निर्धारित नंबरों और डायल 112 के माध्यम से दी जा सकती है। चुनाव आयोग के सेक्टर मजिस्ट्रेट को वायरलेस नेटवर्क से जोड़ा गया है। पटना में डीजीपी नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम करेगा। कंट्रोल रूम से संपर्क के लिए 0612-2824001 और 0612-2215611 नंबर उपलब्ध हैं। इसके अलावा ई-मेल के माध्यम से ceo_bihar@eci.gov.in, complaints@eci.gov.in और ceobihar@gmail.com पर भी जानकारी भेजी जा सकती है।

बड़ी हस्तियों की साख दांव पर

पहले चरण में 13 मंत्रियों समेत कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। राघोपुर से तेजस्वी प्रसाद यादव, तारापुर से उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जबकि लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा मैदान में हैं। सीवान में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का मुकाबला पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी से है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भोरे से, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन बांकीपुर से, पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार बिहारशरीफ से और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार नालंदा से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article