बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अब सिर्फ़ सड़कों, सभाओं और रोड शो तक सीमित नहीं है। इस बार असली रणभूमि सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स-फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब बन चुके हैं। मोबाइल की स्क्रीन पर चल रही ये जंग उतनी ही तीखी है जितनी चुनावी मैदान में।पिछले 30 दिनों में बिहार में डिजिटल विज्ञापनों पर लगभग 4.81 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी बीजेपी की रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सिर्फ़ गूगल पर 2.98 करोड़ और मेटा प्लेटफ़ॉर्म्स पर 1.6 करोड़ रुपये खर्च किए गए। दिल्ली, पटना और गुड़गांव से तैयार होने वाला यह कंटेंट हज़ारों वॉलंटियर्स के जरिए गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
प्रतीकात्मक फोटो (istock)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 100 मिलियन से ज़्यादा एक्स (ट्विटर) फॉलोअर्स और फेसबुक-इंस्टाग्राम पर करोड़ों की रीच बीजेपी को डिजिटल जंग में बढ़त दिला रही है। टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि बिहार की 12.5 करोड़ आबादी में से लगभग 7 करोड़ लोग सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं, जिससे राजनीतिक दलों को बड़ा फायदा हो रहा है।
प्रशांत किशोर का ‘ऑर्गैनिक मॉडल’
बीजेपी की डिजिटल बढ़त के बीच प्रशांत किशोर (PK) और उनकी जन सुराज पार्टी भी मजबूत चुनौती पेश कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि पीके की डिजिटल टीम में करीब 10,000 वॉलंटियर्स हैं, जो 12 देशों में फैले हुए हैं और इसका मुख्यालय सिंगापुर में है।
बीजेपी के भारी-भरकम खर्च से अलग, पीके का मॉडल ऑर्गैनिक रीच, लोकल वीडियो, मीम्स और इन्फ्लुएंसर नेटवर्क पर आधारित है। हाल ही में मनीष कश्यप जैसे लोकप्रिय चेहरों के जुड़ने से उनकी डिजिटल ताकत और बढ़ी है। सोशल मीडिया विश्लेषकों का मानना है कि भले ही संसाधनों और पैमाने में बीजेपी आगे है, लेकिन पीके का ‘ग्राउंड प्लस डिजिटल’ मॉडल असर डाल सकता है।
निर्णायक बन रही है डिजिटल जंग
बिहार की 243 विधानसभा सीटों में इस बार डिजिटल प्रचार सिर्फ़ सहायक टूल नहीं, बल्कि निर्णायक फैक्टर बन चुका है। बीजेपी-एनडीए भारी खर्च और विशाल फॉलोअर बेस के सहारे मैदान में है, जबकि प्रशांत किशोर लोकलाइज्ड कंटेंट और ग्रासरूट नेटवर्क के साथ चुनौती पेश कर रहे हैं।
स्पष्ट है कि बिहार चुनाव 2025 में पोस्ट, रील्स और मीम्स भी उतने ही अहम होंगे जितनी रैलियां और रोड शो। इस बार असली तस्वीर तय करेगी कि जनता तक किसका संदेश ज़्यादा असरदार ढंग से पहुंचता है—बीजेपी का हाई-टेक कैंपेन या पीके का ऑर्गैनिक मॉडल।
