Bihar Election: आज पहले चरण के चुनाव प्रचार का आखिरी दिन, दिग्गज नेताओं ने झोंकी पूरी ताकत; 6 नवंबर को जनता करेगी वोट

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा। पहले चरण के चुनाव में 121 विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर को मतदान होंगे। इस चरण में 1314 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी।

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार की शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। इस चरण की सभी सीटों पर मतदाता 6 नवंबर को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चरण के मतदान को लेकर मतदाताओं को रिझाने के लिए सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। एनडीए की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एमपी के मुख्यमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने चुनाव प्रचार कर एनडीए के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे, तो महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चुनावी मैदान में उतरे।

bihar election

बिहार विधानसभा चुनाव 2025

बिहार चुनाव के पहले चरण में 1314 उम्मीदवार

मंगलवार को चुनाव प्रचार में भी दिग्गज नेता चुनावी मैदान में उतरे हैं। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और राजद नेतृत्व वाले महागठबंधन के बीच माना जा रहा है। हालांकि, कई क्षेत्रों में जन सुराज पार्टी और एआईएमआईएम के प्रत्याशी भी मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस पहले चरण के चुनाव में 1314 उम्मीदवार हैं, जिनके राजनीतिक भविष्य का फैसला तीन करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता करेंगे। इन मतदाताओं में एक करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं के लिए 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 17 सहायक बूथ शामिल हैं। पहले चरण में 102 सामान्य और 19 अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीट हैं।

End of Feed