Akshara Singh News: बिहार चुनाव 2025 (Bihar Assembly Election 2025) को लेकर सियासी माहौल काफी गरम है। अब भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह को लेकर भी चर्चा जोरों पर है कि वह भी चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। ऐसा इसलिए कयास लगाए जा रहे हैं क्योंकि अक्षरा ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की है।
भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह (फोटो: Facebook)
बता दें कि अभिनेता पवन सिंह को लेकर माहौल गरमाया हुआ है वहीं अब अक्षरा सिंह को लेकर भी चर्चा जोरों पर है कि वह भी चुनावी समर में भाग्य आजमा सकती हैं। हांलाकि अभी यह कयास है।
अक्षरा सिंह की केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात ने बिहार का सियासी पारा चढ़ा दिया है और कहा जा रहा है कि उनकी यह मुलाकात किसी खास मकसद से है। पर अक्षरा ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया है।
एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर फोटो शेयर करके इसकी जानकारी दी। फोटो में उनके साथ गिरिराज सिंह नजर आ रहे हैं। अक्षरा ने पोस्ट को शेयर कर कैप्शन लिखा और इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया, उन्होंने लिखा, 'आज बिहार के केंद्रीय मंत्री माननीय गिरिराज सिंह जी से शिष्टाचार मुलाकात और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।'
गिरिराज सिंह से मुलाकात ने नई सियासी चर्चा छेड़ दी
अभी हाल ही में भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रालोमो चीफ उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात थी। जिसके बाद इस बार बिहार चुनाव लड़ने की संभावना जोर पकड़ रही है। वहीं अब अक्षरा सिंह की केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात ने नई सियासी चर्चा छेड़ दी है। बता दें कि हाल ही में मैथिली ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की थी। इसके बाद मैथिली ठाकुर के राजनीति में पदार्पण की संभावनाओं पर अटकले लगाई जाने लगी थीं। अब इसपर मैथिली का बयान सामने आया है।
'मौका मिला तो यह मेरे लिए बड़ी बात होगी'
मीडिया से बातचीत में मैथिली ठाकुर ने कहा, “पिछले कुछ दिनों से जिस तरह मेरे नाम को लेकर चर्चा हो रही है, उससे लगता है कि कुछ नया होने वाला है। अगर चुनाव में उतरने का मौका मिलता है तो यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात होगी।” उन्होंने कहा कि राजनीति में आने पर उनका ध्यान केवल इस बात पर रहेगा कि वह लोगों की मदद किस तरह कर सकती हैं।
'हर काम दिल से और ईमानदारी से किया है'
मैथिली ठाकुर ने राजनीति में आने को लेकर कहा कि 'मैंने अब तक हर काम को दिल से और ईमानदारी के साथ किया है। अगर राजनीति में कदम रखती हूं तो लोगों की सेवा और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना ही मेरा मकसद होगा।' उन्होंने आगे कहा कि वह हर उम्र और तबके के लोगों से जुड़ाव महसूस करती हैं, और राजनीति में भी इसी जुड़ाव को आगे बढ़ाना चाहती हैं।
