Haryana Elections: हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा, कांग्रेस सहित तमाम राजनीतिक दल रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। इस बीच, कांग्रेस ने तय किया है कि किसी भी सांसद को विधानसभा चुनाव में नहीं उतारा जाएगा। हालांकि, अभी तक उम्मीदवारों को नाम तय नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही कैंडिडेट लिस्ट जारी होने की उम्मीद की जा रही है। वहीं, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर गुरुवार को बड़ा बयान दिया है।
कांग्रेस नेता ने क्या कुछ कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि चुनाव नहीं लड़ने वाला व्यक्ति भी मुख्यमंत्री बन सकता है। दरअसल, रिपोर्टर ने कांग्रेस नेता से सवाल किया क्या चुनाव नहीं लड़ने वाले भी मुख्यमंत्री पद की रेस में बने रहेंगे? इस पर उन्होंने कहा कि बिल्कुल हो सकता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर कोई भी व्यक्ति अपने आप को प्रस्तुत कर सकता है जिसके पास विधायक दल का समर्थन हो और कांग्रेस हाईकमान का आशीर्वाद। उन्होंने कहा कि इतिहास को खंगालने में कई ऐसे चेहरे मिलेंगे, जिनका चुनाव से संबंध तो नहीं था, लेकिन विधायक दल का नेता बनाया जाता है।
कैंडिडेट लिस्ट कब होगी जारी?
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि उम्मीदवारों की सूची को लेकर 60 फीसद से ज्यादा काम पूरा हो चुका है। कांग्रेस कार्यसमिति (CEC) की बैठक 2 सितंबर को होने की संभावना है। हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस दौरान कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग को भाजपा आयोग करार दिया। उन्होंने कहा कि मेरी जानकारी के मुताबिक, कोई भी कांग्रेस सांसद चुनाव नहीं लड़ेगा यह तय है।
