Bihar Assembly Elections 2025 : बिहार चुनाव में महागठबंधन का सीएम पद का उम्मीदवार बनने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से तीखा सवाल पूछा। राजद नेता ने कहा कि उसे यह बताना चाहिए कि NDA का सीएम चेहरा कौन है? तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार का ये आखिरी चुनाव है और उनके साथ अन्याय हो रहा है। एनडीए एक नकलची सरकार है। उन्होंने पूछा कि एनडीए का पांच साल का ब्लूप्रिंट कहां है? पटना में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन के सभी बड़े नेता उपस्थित थे।
महागठबंधन का सीएम फेस बने तेजस्वी यादव।
इस मौके पर महागठबंधन ने अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि तेजस्वी महागठबंधन के सीएम फेस और मुकेश सहनी डिप्टी सीएम चेहरा होंगे। सीपीआई ने कहा कि बिहार में इस बार बदलाव की लहर है। माकपा ने कहा कि महागठबंधन मजबूती से खड़ा है। गहलोत ने कहा कि भाजपा बदलने की भावना से काम करती है।
बिहार बनाने की कोशिश कर रहे हैं-तेजस्वी
तेजस्वी ने कहा, 'हम महागठबंधन के लोग सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि बिहार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मैं महागठबंधन के नेताओं को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने मुझपर भरोसा जताया है। हम मिलकर डबल इंजन की सरकार है (एक इंजन भ्रष्टाचार में है, एक अपराध में है। उसे उखाड़ कर फेकेंगे। हमने तो संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी कर लिया, लेकिन एनडीए में नीतीश कुमार के साथ जो अन्याय हो रहा है। उसकी कोई बात नहीं करता। एनडीए ने एक बार भी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं किया।'
जंगलराज के आरोपों पर बोले तेजस्वी
जंगलराज के आरोपों पर तेजस्वी ने कहा, 'बिहार में 70 हजार मर्डर हुए। बलात्कार पीड़ित बेटियों को पटना के पीएमसीएच में इलाज नहीं मिलता, वो मर जाती हैं। तेजस्वी करप्शन से समझौता नहीं करेगा। तेजस्वी की परछाई भी गलत काम करेगी तो उसे तेजस्वी सजा दिलवाएगा। बिहार में बिना कॉन्ट्रैक्ट कर्मियों के बिना काम नहीं चलता, सबको परमानेंट करेंगे। NDA के नेता अपना विजन नहीं बता रहे हैं लेकिन हमलोग जल्द ही आपको अपना विजन और रोडमैप बताएंगे। हमलोग हर जाति, हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलना चाहते हैं। हम युवा हैं, हमारे पास जुनून है। लेकिन लोग लगे हैं, बीजेपी की ए टीम, बी टीम, ईडी, इनकम टैक्स। इसमें से कुछ बीजेपी के माइंडसेट वाले मीडिया के भी लोग।'
भाजपा को तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं-सहनी
वहीं, मुकेश हनी ने कहा- आज इस समय का बेसब्री से साढ़े तीन साल से मैं इंतजार कर रहा था। एक अतिपछिड़े मल्लाह के बेटे को बीजेपी ने रोड पर ला दिया। तभी हमने कहा था कि जब तक भाजपा को तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं। महागठबंधन एकजुट और मजबूत है।
