लोकसभा चुनाव से पहले गठित हुई इंडिया एलायंस के टूटने की खबर आ रही है। इसे लेकर इंडिया एलायंस के नेता ही एक दूसरे को घेर रहे हैं, इस बार निशाने पर कांग्रेस है। ममता बनर्जी पहले ही कांग्रेस का विरोध कर चुकी है, आप लोकसभा चुनाव के बाद से ही तेवर दिखा रही है। इसे लेकर जब इंडिया गठबंधन की एक और बड़ी सहयोगी पार्टी के नेता तेजस्वी यादव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लोकसभा में भी कुछ पार्टियां अलग रही थीं, दिल्ली में इंडिया गठबंधन नहीं है।
दिल्ली चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज
इस समय दिल्ली चुनाव को लेकर ऐसी सरगर्मी बढ़ी है कि इंडिया गठबंधन एक बार फिर से चर्चा में आ गया है। दरअसल दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है और इस बार वो सत्ता बरकरार रखने के लिए मैदान में जोर लगाती दिख रही है, लेकिन इस बार कांग्रेस भी पूरा जोर-शोर लगा रही है, दोनों इंडिया एलायंस के हिस्सा हैं। कांग्रेस और आप एक दूसरे पर हमला भी कर रहे हैं, इंडिया एलायंस की कुछ पार्टियां कांग्रेस के साथ तो कुछ आप के साथ दिख रही है। जिसके बाद इंडिया एलायंस के खत्म होने की बात कही जा रही है। इसी को लेकर अब राजद नेता तेजस्वी यादव ने लोकसभा चुनाव की याद दिला दी है।
क्या बोले तेजस्वी यादव
अपने बयान के बारे में उन्होंने कहा- "हमसे दिल्ली के संदर्भ में सवाल पूछा गया था... हमने लोकसभा चुनाव इंडिया गठबंधन में लड़ा, आप ने पंजाब में अलग से चुनाव लड़ा और वाम दलों ने केरल में अलग से चुनाव लड़ा, बंगाल में टीएमसी अलग लड़ी, राष्ट्रीय स्तर पर हमारा इंडिया गठबंधन है और जहां तक बिहार का सवाल है, यहां हमारा इंडिया गठबंधन है, यहां शुरू से ही महागठबंधन है..."
कहां से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल इससे पहले तेजस्वी यादव ने कहा था कि इंडिया गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए बनाया गया था। जिसके बाद यह अटकलें लगने लगीं कि क्या इंडिया गठबंधन खत्म हो गया है? इसी को लेकर अब तेजस्वी यादव की ओर से ये सफाई आई है।
