इलेक्शन

Chhattisgarh Election: छत्तीसगढ़ में करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या गिनते-गिनते थक जाएंगे आप! सिर्फ टीएस सिंहदेव के पास है 447 करोड़ की संपत्ति

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 10, 2023, 08:37 PM IST

Chhattisgarh Election: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 953 उम्मीदवारों में से 253 उम्मीदवार करोड़पति हैं, जिनमें कांग्रेस उम्मीदवार और राज्य के उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव 447 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ सूची में सबसे ऊपर हैं।

Image

टीएस सिंहदेव के पास है 447 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति (tssinghdeosurguja)

Chhattisgarh Election: छत्तीसगढ़ जैसे छोटे राज्य में इतने करोड़पति उम्मीदवार हैं कि कहीं आप गिनते-गिनते थक न जाएं। क्या बड़ी पार्टी, क्या छोटी पार्टी और क्या निर्दलीय, दूसरे चरण में सैकड़ों उम्मीदवार करोड़पति हैं। दूसरे चरण के करोड़पति उम्मीदवारों की लिस्ट में कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव सबसे ऊपर हैं।

253 करोड़पति उम्मीदवार

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 953 उम्मीदवारों में से 253 उम्मीदवार करोड़पति हैं, जिनमें कांग्रेस उम्मीदवार और राज्य के उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव 447 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ सूची में सबसे ऊपर हैं। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में सिंहदेव ने अपनी संपत्ति पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक घोषित की थी।

औसतन 2 करोड़ की संपत्ति

छत्तीसगढ़ इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि दूसरे चरण में कुल 958 उम्मीदवार हैं लेकिन उन्होंने पांच उम्मीदवारों का विश्लेषण नहीं किया है, क्योंकि उनके हलफनामे या तो खराब तरीके से स्कैन किए गए हैं या पूरे हलफनामे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए गए थे। शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे चरण में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति दो करोड़ रुपये है।

किस पार्टी में कितने करोड़पति

रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रमुख दलों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 70 उम्मीदवारों में से 60 (86 फीसदी) उम्मीदवार करोड़पति हैं। भारतीय जनता पार्टी के 70 उम्मीदवारों में से 57 (81 फीसदी) उम्मीदवार करोड़पति हैं। वहीं, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के 62 उम्मीदवारों में से 26 (42 फीसदी), आम आदमी पार्टी के 44 उम्मीदवारों में से 19 (43 फीसदी) उम्मीदवार करोड़पति हैं।

टीएस सिंहदेव की संपत्ति में कमी

रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक घोषित संपत्ति वाले शीर्ष तीन उम्मीदवार सत्ताधारी दल कांग्रेस से हैं। सरगुजा राजपरिवार के वंशज टी.एस. सिंहदेव अपनी पारंपरिक सीट अंबिकापुर से चुनाव लड़ रहे हैं और वह 447 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति के साथ सूची में सबसे ऊपर हैं। उनके बाद मनेंद्रगढ़ सीट से रमेश सिंह (73 करोड़ रुपये से अधिक) तथा राजिम सीट से उम्मीदवार अमितेश शुक्ला (48 करोड़ रुपये से अधिक) हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में सिंहदेव ने अपनी संपत्ति पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक घोषित की थी।

पहले चरण में AAP का उम्मीदवार सबसे अमीर

पहले चरण के चुनाव में 223 उम्मीदवारों में से कवर्धा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार खड्गराज सिंह सबसे अधिक (40 करोड़) संपत्ति वाले उम्मीदवार थे।

दूसरे चरण में सबसे कम संपत्ति वाले तीन उम्मीदवार मुंगेली (एससी) सीट से राष्ट्रीय युवा पार्टी के उम्मीदवार राजरत्न उइके (500 रुपये), रायगढ़ से आजाद जनता पार्टी के कांति साहू (1,000 रुपये) और बेलतरा से निर्दलीय उम्मीदवार मुकेश कुमार चंद्राकर (1,500 रुपये) हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि दो निर्दलीय उम्मीदवारों भटगांव से कलावती सारथी और बेलतरा से गौतम प्रसाद साहू तथा खरसिया से जौहर छत्तीसगढ़ पार्टी के यशवंत कुमार निषाद ने शून्य संपत्ति घोषित की है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article