What is Army Rule 13: भारतीय सेना (Indian Army) देश की सुरक्षा का मुख्य आधार है, जहां अनुशासन, शारीरिक दक्षता और पेशेवर निष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। हर साल हजारों-लाखों उम्मीदवार सेना में जाने के सपने के साथ विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होते हैं। जिस प्रकार सेना में भर्ती के दौरान जवान या अधिकारी का चयन कड़े नियमों और प्रक्रियाओं के तहत किया जाता है, उतनी ही स्पष्ट व्यवस्था उनकी सेवा समाप्ति यानी डिस्चार्ज के लिए भी बनाई गई है। जी हां, यहां सेना के जवान और अधिकारियों को डिस्चार्ज कई कानूनी प्रावधानों के आधार पर दिया जाता है। डिस्चार्ज के लिए आर्मी रूल्स, 1954 का नियम 13 (Army Rule 13) काम करता है। यह नियम स्पष्ट करता है कि किन परिस्थितियों में, किस प्राधिकारी के आदेश पर और किन कारणों से किसी सैन्यकर्मी को उसकी सेवा से मुक्त किया जा सकता है। आइए आज के बारे में विस्तार से जानें।
सेना में सेवा समाप्ति का Army Rule 13 क्या कहता है (Photo - AI)
क्या है आर्मी रूल 13?
सेना अधिनियम (Army Act) के तहत बनाए गए आर्मी रूल्स, 1954 का नियम 13 मुख्य रूप से सेना के जवानों (JCOs, WO/OR - जूनियर कमीशंड ऑफिसर्स और अन्य रैंकों) को सेवा से रिहा, डिस्चार्ज या सेवानिवृत्त करने की प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र को परिभाषित करता है। यह नियम इस बात को सुनिश्चित करता है कि सेवा समाप्ति की प्रक्रिया किसी मनमाने तरीके से न होकर पूरी तरह कानून और न्याय संगत हो। इसके अंतर्गत विभिन्न श्रेणियां और कारण निर्धारित किए गए हैं, जिनके तहत किसी सैनिक को उसकी निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले या बाद में डिस्चार्ज किया जा सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - CTET 2026 Exam Date: सीबीएसई जल्द घोषित करेगा नई परीक्षा तिथि, जानें कब आएगा एडमिट कार्ड
आर्मी रूल 13 के तहत डिस्चार्ज के मुख्य कारण और श्रेणियां
सेना के नियम 13 के तहत सेवा समाप्ति को विभिन्न श्रेणियों में बांटा गया है। जो इस प्रकार है -
सेवा अवधि या आयु सीमा पूरी होना
जब कोई जवान अपनी अनिवार्य सेवा अवधि (जैसे 15 या 17 वर्ष) पूरी कर लेता है या उसकी पद-विशेष के लिए तय की गई अधिकतम आयु सीमा समाप्त हो जाती है, तो उसे इस नियम के तहत सम्मान पूर्वक डिस्चार्ज किया जाता है।
चिकित्सकीय असफलता
सैन्य सेवा के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होना अनिवार्य है। यदि कोई जवान किसी बीमारी, दुर्घटना या युद्ध के दौरान लगी चोट के कारण स्थायी रूप से 'अनफिट' (Low Medical Category) घोषित हो जाता है और मेडिकल बोर्ड उसकी सेवा जारी रखने के खिलाफ सिफारिश करता है, तो उसे नियम 13 के तहत डिस्चार्ज किया जाता है।
अदक्षता या अक्षमता
यदि कोई सैनिक अपनी सैन्य ट्रेनिंग या कर्तव्यों को एग्जीक्यूट करने में लगातार असमर्थ रहता है और वह इसमें सुधार के सभी अवसर गंवा चुका है, तो उसे कमांडिंग ऑफिसर या सक्षम प्राधिकारी की सिफारिश पर सेवा से हटाया जा सकता है।
अनुशासनहीनता या खराब आचरण
सेना में अनुशासनहीनता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाता। यदि किसी जवान के रिकॉर्ड में बार-बार गंभीर लाल स्याही की एंट्री हैं या उस पर गंभीर आरोप सिद्ध होते हैं, तो उसे "सेवा की आगे आवश्यकता नहीं" के आधार पर डिस्चार्ज किया जा सकता है।
स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति या व्यक्तिगत आधार
यदि कोई सैनिक पारिवारिक, व्यक्तिगत या अन्य अपरिहार्य कारणों से अपनी मर्जी से सेवा छोड़ना चाहता है, तो वह नियम 13 के तहत आवेदन कर सकता है। सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के बाद ही उसे डिस्चार्ज किया जाता है।
किसके पास होता है डिस्चार्ज का अधिकार?
आर्मी रूल 13 में जिस प्रकार डिस्चार्ज के नियम तय है, उसी प्रकार के इसमें आदेश देने की शक्ति किस अधिकारी के पास है, इसकी भी विस्तृत जानकारी दी गई है।
Army Rule 13(Photo - AI)
कमांडिंग ऑफिसर: सामान्य मामलों में, जैसे मेडिकल आधार या नियत अवधि पूरी होने पर, संबंधित यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर के पास डिस्चार्ज प्रक्रिया को निष्पादित करने का अधिकार होता है।
ब्रिगेड कमांडर / एरिया कमांडर: अनुशासनहीनता या 'अवांछित सैनिक' (Undesirable Soldier) के रूप में डिस्चार्ज करने के मामलों में उच्चाधिकारियों (जैसे ब्रिगेडियर या जनरल ऑफिसर कमांडिंग) की मंजूरी अनिवार्य होती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UPCISB Recruitment 2026 Exam Date: यूपीसीआईएसबी ने 2,085 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा शेड्यूल किया जारी, यहां देखें टाइम टेबल
प्राकृतिक न्याय का नियम
आर्मी रूल 13 के तहत यदि किसी जवान को अनुशासनहीनता या अक्षमता के आधार पर समय से पहले डिस्चार्ज किया जा रहा है, तो उसे 'कारण बताओ नोटिस' जारी करना अनिवार्य होता है। सैनिक को अपना पक्ष रखने और सफाई पेश करने का पूरा मौका दिया जाता है। इस दौरान अधिकारी सैनिक के जवाब से संतुष्ट नहीं होते हैं, तभी डिस्चार्ज की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाती है। यह प्रावधान यह सुनिश्चित करता है कि किसी भी जवान के साथ अन्याय न हो और कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष निर्णय लिया जा सके।
