UP Board: यूपी बोर्ड इंटर की परीक्षा में बड़ा बदलाव, अब 80 नंबर का होगा लिखित पेपर

UP Board: यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षा में नई व्यवस्था देखने को मिलेगी। अब 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए लिखित परीक्षा का प्रश्नपत्र 80 अंकों का होगा। जबकि इंटरनल असेसमेंट 20 नंबरों का होगा।

UP Board Exam: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) इंटरमीडिएट की परीक्षा व्यवस्था में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। नई व्यवस्था के तहत 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए लिखित परीक्षा का प्रश्नपत्र 80 अंकों का होगा। जबकि इंटरनल असेसमेंट 20 नंबरों का होगा। यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (NCF) 2023 और राष्ट्रीय मूल्यांकन केंद्र (PARAKH) की सिफारिशों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। इस बदलाव को अगले शैक्षणिक सत्र से कक्षा 11 में लागू करने की तैयारी है। इसके बाद धीरे-धीरे इसका असर आगे की कक्षाओं की परीक्षा व्यवस्था पर भी दिखाई देगा।

Up Board exam 2027

यूपी बोर्ड इंटर की लिखित परीक्षा अब 80 नंबर की होगी

अभी तक विज्ञान वर्ग के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गृह विज्ञान जैसे विषयों में 70 अंकों की लिखित परीक्षा और 30 अंकों की प्रायोगिक परीक्षा हो रही है। वहीं हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और अर्थशास्त्र जैसे गैर-प्रायोगिक विषयों में 100 अंकों का पूरा पेपर लिखित परीक्षा के रूप में होता है। नई व्यवस्था में गैर-प्रायोगिक विषयों में भी 80 अंकों की लिखित परीक्षा के साथ 20 अंकों का आंतरिक मूल्यांकन यानी इंटरनल असेसमेंट रखा जाएगा।

End of Feed