UK Scholarship for Indian Students: विदेश से शिक्षा प्राप्त करने की बात आते ही अधिकांश भारतीय छात्रों के मन में जिस देश का नाम आता है वह 'यूनाइटेड किंगडम' (UK) है। जी हां, यूके अपने विश्व स्तरीय विश्वविद्यालयों, वर्ल्ड क्लास एजुकेशन सिस्टम के लिए जाना जाता है। यहां के प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई करना हर अंतरराष्ट्रीय छात्र का सपना होता है। हालांकि, विदेशी धरती पर शिक्षा की फीस और रहने का खर्च अक्सर भारतीय छात्रों के लिए एक बड़ा वित्तीय बोझ बन जाता है।
United Kingdom में पढ़ाई के लिए ये स्कॉलरशिप देती है सरकार (Photo - AI)
कई होनहार छात्र इस खर्चे और अपनी आर्थिक स्थिति को देखते हुए विदेश से शिक्षा प्राप्त करने के अपने सपने को पीछे छोड़ देते हैं। इसी चुनौती को आसान बनाने के लिए यूके सरकार विभिन्न प्रकार की स्कॉलरशिप योजनाएं प्रदान करती है। ये सरकारी स्कॉलरशिप (Government Scholarship) न केवल आपकी ट्यूशन फीस का खर्च उठाती हैं, बल्कि रहने के भत्ते, हवाई किराए और वीजा शुल्क तक को कवर करती हैं, जिससे आर्थिक तंगी के कारण पीछे रहे छात्रों का सपना पूरा होना भी आसान हो जाता है। यदि आप भी यूके जाकर अपनी पढ़ाई का सपना साकार करना चाहते हैं, तो इन सरकारी स्कॉलरशिप योजनाओं और उनके कड़े नियमों को समझना आपके लिए बेहद आवश्यक है। आइए उन सभी स्कॉलरशिप के बारे में विस्तार से जानते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - स्टडी वीजा के लिए क्यों जरूरी है Financial Proof? क्या इसकी कमी विदेश की पढ़ाई में बन सकती है बाधा
चेवनिंग स्कॉलरशिप
United Kingdom सरकार की सबसे प्रतिष्ठित वैश्विक स्कॉलरशिप कार्यक्रम है चेवनिंग स्कॉलरशिप (Chevening Scholarship), जिसे 'फॉरेन, कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस' (FCDO) द्वारा वित्तपोषित किया जाता है। यह मुख्य रूप से 1-वर्षीय मास्टर डिग्री प्रोग्राम के लिए प्रदान की जाती है। इस स्कॉलरशिप के लिए चयनित उम्मीदवारों को विश्वविद्यालय की पूर्ण ट्यूशन फीस, रहने के लिए मासिक भत्ता, इकोनॉमी क्लास का आने-जाने का एयर टिकट और वीजा आवेदन शुल्क प्रदान किया जाता है। इसकी एलिजिबिलिटी इस प्रकार है -
शैक्षणिक योग्यता: आवेदक के पास एक भारतीय बैचलर कोर्स की डिग्री होनी चाहिए, जो यूके में मास्टर डिग्री में प्रवेश के योग्य हो।
कार्य अनुभव: आवेदक के पास न्यूनतम 2 वर्ष या 2,800 घंटे का कार्यानुभव होना अनिवार्य है (इसमें फुल-टाइम, पार्ट-टाइम या इंटर्नशिप शामिल हो सकती है)।
अपने देश (भारत) लौटने का नियम: स्कॉलरशिप की अवधि पूरी होने के बाद छात्र को कम से कम 2 वर्ष के लिए भारत वापस लौटना अनिवार्य होता है।
विश्वविद्यालय विकल्प: आवेदन प्रक्रिया के दौरान यूके की कम से कम 3 अलग-अलग योग्य यूनिवर्सिटी में कोर्सेज का चयन करना होता है।
कॉमनवेल्थ स्कॉलरशिप
भारतीय छात्रों और अन्य विदेशी छात्रों को दी जाने वाली यूके की स्कॉलरशिप में कॉमनवेल्थ स्कॉलरशिप (Commonwealth Scholarship) भी शामिल है। यह स्कॉलरशिप 'कॉमनवेल्थ स्कॉलरशिप कमीशन' (CSC) द्वारा संचालित की जाती है। यह उन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए बनाई गई है जो आर्थिक तंगी के कारण यूके में पढ़ाई का खर्च उठाने में असमर्थ हैं, लेकिन अपनी शिक्षा से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहते हैं। इस स्कॉलरशिप में चयनित उम्मीदवारों को पूरी ट्यूशन फीस, यूके जाने और आने का हवाई किराया, मासिक निर्वाह भत्ता, और रिसर्च या थीसिस अनुदान मिलता है। स्कॉलरशिप के लिए एलिजिबिलिटी इस प्रकार है -
नागरिकता: आवेदक का भारत या किसी अन्य राष्ट्रमंडल देश का स्थायी नागरिक होना अनिवार्य है।
आर्थिक मानदंड: छात्र को यह साबित करना होगा कि वह वित्तीय सहायता के बिना यूके में अध्ययन करने में सक्षम नहीं है।
शैक्षणिक योग्यता: मास्टर डिग्री के लिए न्यूनतम 60% अंकों के साथ स्नातक की डिग्री और पीएचडी के लिए संबंधित विषय में मास्टर डिग्री आवश्यक है।
सत्र की शुरुआत: शैक्षणिक सत्र शुरू होने के समय तक यूके की किसी सहभागी संस्था में प्रवेश का प्रस्ताव होना चाहिए।
United Kingdom Scholarship (Photo - AI)
ग्रेट स्कॉलरशिप
यूके सरकार के 'ग्रेट ब्रिटेन अभियान' और 'ब्रिटिश काउंसिल' के संयुक्त प्रयास से संचालित ग्रेट स्कॉलरशिप (GREAT Scholarships) विशेष रूप से भारत सहित चुनिंदा देशों के छात्रों के लिए उपलब्ध है। इसमें पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज के लिए न्यूनतम 10,000 पाउंड (लगभग 10 से 11 लाख रुपये) की वित्तीय सहायता, जो सीधे ट्यूशन फीस में समायोजित की जाती है। इसके लिए एलिजिबिलिटी इस प्रकार है -
नागरिकता: आवेदक के पास भारतीय पासपोर्ट और भारत की नागरिकता होनी चाहिए।
अकादमिक पृष्ठभूमि: छात्र का पिछला शैक्षणिक रिकॉर्ड उत्कृष्ट होना चाहिए और उसमें अपने क्षेत्र में नेतृत्व क्षमता दिखनी चाहिए।
भाषा दक्षता: छात्र को अंग्रेजी भाषा की दक्षता (IELTS या TOEFL स्कोर) से जुड़ी यूनिवर्सिटी की आवश्यकताओं को पूरा करना होगा।
ब्रांड एंबेसडर भूमिका: चयनित उम्मीदवारों से यूके उच्च शिक्षा का एंबेसडर बनने और अपने अनुभव साझा करने की अपेक्षा की जाती है।
चार्ल्स वॉलेस इंडिया ट्रस्ट स्कॉलरशिप
यूके की चार्ल्स वॉलेस इंडिया ट्रस्ट स्कॉलरशिप (CWIT) मुख्य रूप से कला, विरासत संरक्षण और मानविकी (Humanities) के क्षेत्र में कार्य कर रहे मध्य-करियर पेशेवरों को यूके में अनुसंधान या फेलोशिप के लिए प्रदान की जाती है। इसकी एलिजिबिलिटी इस प्रकार है -
आयु सीमा: आवेदक की आयु 28 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
अनुभव: संबंधित क्षेत्र में कम से कम 5 से 7 वर्ष का प्रासंगिक कार्य अनुभव अनिवार्य है।
नोट - यह स्कॉलरशिप केवल अल्पकालिक शोध या विशेष विजिट के लिए होती है, न कि लंबी अवधि के फुल-टाइम डिग्री कोर्सेज के लिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Italy में पढ़ाई के लिए भारतीय छात्रों को मिलते हैं ये वीजा नियम, जानें किन डॉक्यूमेंट्स की पड़ती है जरूरत
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन के लिए ध्यान रखने योग्य बातें
यूके की इन सरकारी स्कॉलरशिप के लिए चयन प्रक्रिया काफी प्रतिस्पर्धी होती है। आवेदन प्रक्रिया मुख्य तौर पर सितंबर से नवंबर के बीच शुरू होती है। अभ्यर्थियों को अपने Statement of Purpose (SOP), दो मजबूत सिफारिश पत्रों (LOR), भाषा दक्षता स्कोर और अपनी उपलब्धियों का स्पष्ट ब्यौरा तैयार रखने की जरूरत है, अगर वह यूके जाकर अपनी उच्च शिक्षा की पढ़ाई करना चाहते हैं। ऐसा करने से आवेदन के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और समय रहते सफलतापूर्वक आवेदन जमा कर पाएंगे।
