Singapore Visa Rule: विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के लिए सिंगापुर हमेशा से ही हायर एजुकेशन के लिए एक पसंदीदा ठिकाना रहा है। अपनी वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटीज, सेफ माहौल, बेहतरीन लाइफस्टाइल और भारत से भौगोलिक तौर पर करीब होने के कारण हर साल हजारों छात्र बेहतरीन शिक्षा के लिए यहां आते हैं। लेकिन किसी भी देश में पढ़ाई शुरू करने से पहले वहां के वीजा और इमिग्रेशन नियमों को सही से जानना और समझना बेहद जरूरी होता है। ताकि आप कोई गलती न कर दें, जिससे वीजा रिजेक्ट न हो जाए और सिंगापुर से शिक्षा प्राप्त करने का आपका सपना धरा का धरा रह जाए।
सिंगापुर में भारतीय छात्रों के लिए क्या है Visa Rule (Photo - AI)
यदि आप भी सिंगापुर जाकर पढ़ाई करने की योजना बना रहे हैं, तो सबसे पहले यह समझ लें कि वहां स्टडी वीजा को 'स्टूडेंट पास' (Student's Pass) कहा जाता है। सिंगापुर में वीजा की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित है। आइए जानते हैं कि भारतीय छात्रों के लिए सिंगापुर के वीजा नियम क्या हैं और आवेदन करते समय उन्हें किन महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखने की आवश्यक है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - विदेश में पढ़ाई का सपना होगा साकार, जानें क्या है सरकार की 'National Overseas Scholarship 2026' योजना, कौन कर सकता है आवेदन
क्या है सिंगापुर का 'स्टूडेंट पास'?
सिंगापुर में 30 दिनों से अधिक अवधि वाले किसी भी फुल-टाइम कोर्स में पढ़ाई करने के लिए भारत समेत किसी भी अन्य देश के छात्रों के पास स्टूडेंट पास होना अनिवार्य है। इसकी प्रक्रिया सिंगापुर के इमिग्रेशन एंड चेकपॉइंट्स अथॉरिटी (ICA) द्वारा ऑनलाइन संचालित की जाती है।
कैसे करें स्टूडेंट पास के लिए आवेदन
- सिंगापुर में स्टडी वीजा लेकर जाने के लिए छात्रों को सबसे पहले यहां कि किसी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान जैसे NUS, NTU, SMU या EduTrust प्रमाणित प्राइवेट कॉलेज से फुल-टाइम कोर्स के लिए एडमिशन लेटर प्राप्त करना होगा, तभी आप वीजा के लिए आवेदन कर पाएंगे।
- एडमिशन मिलते ही आपको कॉलेज/यूनिवर्सिटी सिंगापुर सरकार के SOLAR यानी स्टूडेंट पास ऑनलाइन एप्लीकेशन एंड रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर आपका ब्योरा दर्ज करती है। इसके बाद आपको एक रजिस्ट्रेशन रेफरेंस नंबर मिलता है, जिसके माध्यम से आप आगे की प्रक्रिया पूरी कर पाते हैं।
- रजिस्ट्रेशन नंबर मिलने के बाद आपको SOLAR पोर्टल पर लॉगिन करके 'eForm 16' में अपनी व्यक्तिगत, पासपोर्ट और शैक्षणिक जानकारी ऑनलाइन भरनी होती है।
वीजा के लिए चाहिए आवश्यक दस्तावेज
वीजा आवेदन के दौरान आपको निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। उन्हें ऑनलाइन फॉर्म भरते हुए स्कैन कॉपियां अपलोड करनी होती है।
| वैध पासपोर्ट | जिसकी वैधता आपके कोर्स की अवधि और सिंगापुर में रहने की तय सीमा से कम से कम 6 महीने अधिक हो। |
| ऑफर लेटर | संस्थान द्वारा जारी किया गया आधिकारिक स्वीकृति पत्र। |
| पासपोर्ट साइज फोटो | ICA के दिशानिर्देशों के अनुसार हाल ही में खिंचवाई गई डिजिटल फोटो। |
| शैक्षणिक रिकॉर्ड | 0वीं, 12वीं या ग्रेजुएशन की मार्कशीट और डिग्री सर्टिफिकेट। |
| अंग्रेजी दक्षता प्रमाण | यूनिवर्सिटी की मांग के अनुसार IELTS, TOEFL या PTE का स्कोरकार्ड (यदि आवश्यक हो)। |
वीजा के लिए जरूरी है वित्तीय क्षमता का प्रमाण
सिंगापुर जाकर पढ़ाई करने के लिए वीजा की मंजूरी के लिए आपको यह साबित करना जरूरी है कि आप या आपके अभिभावक आपकी ट्यूशन फीस और रहने का खर्च उठाने में सक्षम हैं। इसके प्रूफ के तौर पर उम्मीदवार को 3 से 6 महीने का बैंक स्टेटमेंट दिखाना होगा। अगर उम्मीदवार एजुकेशन लोन के माध्यम से अपनी फीस का भुगतान कर रहा है तो उसे बैंक द्वारा आधिकारिक लोन अप्रूवल लेट भी प्रस्तुत करना होगा। सामान्य तौर पर एक साल की फीस और रहने के खर्च के बराबर की धनराशि दिखाना जरूरी है।
क्या होता है IPA लेटर क्या है?
जब ICA यानी सिंगापुर के इमिग्रेशन एंड चेकपॉइंट्स अथॉरिटी आपके आवेदन को मंजूरी दे देता है, तो आपको In-Principle Approval (IPA) पत्र जारी किया जाता है, जो भारतीय छात्रों के लिए सिंगापुर में प्रवेश करने के लिए शुरुआती वीजा के तौर पर काम करता है। एक बार सिंगापुर पहुंचने के बाद आपको मेडिकल जांच से गुजरना होता है, जिसमें टीबी और एचआईवी टेस्ट को भी शामिल किया गया है। इसके बाद ICA में बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करने पर आपको डिजिटल स्टूडेंट पास दिया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - उज्बेकिस्तान में भारतीय छात्रों के लिए क्या हैं वीजा नियम? पढ़ाई के लिए जाने से पहले जानना है जरूरी
सिंगापुर में किन महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखें?
उम्मीदवारों को सिंगापुर में रहते हुए कुछ बातों का खास ध्यान रखने की आवश्यकता है। कोर्स शुरू होने से कम से कम 1 से 2 महीने पहले स्टूडेंट पास के लिए आवेदन कर दें, क्योंकि पीक सीजन में प्रोसेसिंग प्रक्रिया पूरी करने में लंबा समय लग सकता है, ऐसे में आपको काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
अन्य देशों की तरह सिंगापुर में स्टूडेंट वीजा होने पर आपको काम करने की मनाही नहीं है। लेकिन पार्ट-टाइम काम करने के लिए बनाए गए नियमों और शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। यदि आप किसी सरकारी विश्वविद्यालय जैसे NUS, NTU, SMU आदि के छात्र हैं, तो पढ़ाई के दौरान हफ्ते में 16 घंटे तक और छुट्टियों में फुल-टाइम काम कर सकते हैं। वहीं प्राइवेट संस्थानों (PEIs) के छात्रों के लिए पार्ट-टाइम काम के नियम काफी सख्त होते हैं, इसलिए एडमिशन से पहले सारी जानकारी प्राप्त कर लें।
सिंगापुर के प्राइवेट संस्थान में एडमिशन लेने वाले छात्रों को सलाह है कि वह दाखिला लेने से पहले यह जरूर चेक करें कि उनका संस्थान EduTrust Certified है कि नहीं, क्योंकि जो संस्थान EduTrust सर्टिफाइड नहीं है, उन संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करने वाले छात्रों को स्टूडेंट पास नहीं दिया जाता है।
