Sarkari Result 2026 Rajasthan Technician Main Examination Result declared: राजस्थान राज्य के विद्युत निगमों में तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई)/ ऑपरेटर-तृतीय (आईटीआई)/ प्लांट अटेंडेन्ट-तृतीय (आईटीआई) के कुल 2163 पदों पर भर्ती के लिए गत माह 23 फरवरी को आयोजित ऑनलाइन मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर विद्युत निगमों की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थी किसी भी विद्युत निगम की वेबसाइट से अपने प्राप्तांक देख सकते हैं।
Sarkari Result 2026: विद्युत निगमों में तकनीशियन मुख्य परीक्षा का परिणाम
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए संकल्पित है। इसी क्रम में विद्युत निगमों में भी भर्ती प्रक्रिया को गति मिली है। तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई)/ ऑपरेटर-तृतीय (आईटीआई)/ प्लांट अटेंडेन्ट-तृतीय (आईटीआई) के कुल 2163 पदों पर भर्ती हेतु प्रारम्भिक परीक्षा का आयोजन 24 से 27 नवम्बर, 2025 तक किया गया था। प्रारम्भिक परीक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर रिक्तियों के लगभग दस गुणा अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा हेतु शॉर्टलिस्ट किया गया था। ‘‘मुख्य परीक्षा’’ 23 फरवरी 2026 को आयोजित की गयी थी जिसमें 23 हजार 789 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। उत्पादन निगम ने एक महीने के अल्प समय में ही मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है।
मुख्य परीक्षाओं में सफल घोषित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 1 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक चम्बल रेस्ट हाऊस, हवा सड़क, सोडाला पुलिस थाने के पास, जयपुर में किया जायेगा। दस्तावेज सत्यापन हेतु ग्रुप-I में 4498, ग्रुप-II में 63, ग्रुप-III में 51 एवं ग्रुप-IV में 61, कुल 4,673 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है जिनकी सूची विद्युत निगमों की वेबसाईट पर अपलोड कर दी गई है। इसके अतिरिक्त दस्तावेज सत्यापन हेतु शॉर्टलिस्ट किये गये अभ्यर्थियों को ईमेल एवं एसएमएस से भी सूचित किया गया है। सफल अभ्यर्थी, दस्तावेज सत्यापन हेतु अपने कॉल लेटर वेबसाईट से भी डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा सम्बन्धी जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाईन डेस्क (9414056655) पर सम्पर्क कर सकते है।
